बिहार: बिहार के मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के पड़वा नवटोल के पास एनएच-107 पर मंगलवार शाम सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसकी छोटी बहन गुड़िया कुमारी (20) गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक की पहचान श्रीनगर थाना क्षेत्र के बेलासड्डी वार्ड नंबर 2 निवासी कुमुद कुमार झा के पुत्र गौरव कुमार (21) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, गौरव कोटा में मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था और हाल ही में घर लौटा था। मंगलवार को वह अपनी बहन गुड़िया को स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा दिलाने मधेपुरा ले गया था। परीक्षा के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी पड़वा नवटोल के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
दुर्घटना में गौरव के सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया। गुड़िया का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
गौरव तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उनके पिता कुमोद झा किसान हैं। गौरव के चाचा अनिल कुमार झा ने बताया कि गौरव शांत स्वभाव का था और पढ़ाई में होशियार था। उसका सपना डॉक्टर बनने का था, जिसके लिए वह कोटा में कड़ी मेहनत कर रहा था। मुरलीगंज थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया गया है। मामले की जाँच शुरू कर दी गई है और परिवार की ओर से आवेदन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।