Bihar बिहार: लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गैस गोदाम के पास शुक्रवार देर शाम अपराधियों ने एक बड़ी घटना को अंजाम देते हुए खुशबू पुस्तक भंडार के संचालक शत्रुघ्न साव (48) की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक लोहरा निवासी स्वर्गीय वीरन साव का पुत्र बताया जाता है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, शत्रुघ्न साव प्रतिदिन की तरह शुक्रवार शाम दुकान बंद कर अपने दोस्त के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें पीछे से गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में रेफरल अस्पताल बड़हिया ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. अनिल ठाकुर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।