Bihar Accident : होली पर घर जाने की जल्दबाजी और तेज रफ्तार के कारण बुधवार की देर शाम बनवार रेल ओवर ब्रिज के ऊपर एक अनियंत्रित ट्रक ने ऑटो और बाइक को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो में सवार एक महिला और बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई. इस भीषण हादसे में ऑटो चालक समेत एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा में भर्ती कराया गया है. वहीं, मृतक व्यक्ति की पहचान दाउदपुर थाना क्षेत्र के बरेजा गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक हरेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है. वे मांझी प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत शिक्षा विभाग में बीआरपी के पद पर कार्यरत थे, जबकि मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है|
घटना में घायल ऑटो चालक जलालपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि घायल महिला शीतलपुर गांव निवासी योगेश्वर महतो की पुत्री पूजा कुमारी है. तभी छपरा की ओर से तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर बाइक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो समेत मोटरसाइकिल पुल पर पलट गई, जिसमें बाइक सवार हरेंद्र ठाकुर और ऑटो पर सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हालांकि घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस ने स्थानीय मुखिया पति ध्रुवदेव गुप्ता और लोगों की मदद से खून से लथपथ सभी घायलों को किसी तरह एकमा सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने हरेंद्र ठाकुर और अज्ञात महिला को मृत घोषित कर दिया। ऑटो चालक और घायल पूजा कुमारी को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया। स्थानीय दाउदपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक का पीछा कर चालक को गिरफ्तार कर लिया साथ ही उक्त ट्रक और क्षतिग्रस्त ऑटो और बाइक को जब्त कर लिया। घटना के बाद मृतक हरेंद्र ठाकुर के परिवार में कोहराम मच गया है।
Tags: