Bihar Accident : समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर सरदारगंज चौक के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से शहर के जाने-माने व्यवसायी उत्तम प्रसाद की मौके पर ही जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।हादसे में जान गंवाने वाले बुजुर्ग की पहचान दलसिंहसराय नगरगामा पंचायत के मधेपुर वार्ड संख्या 13 निवासी दिवंगत टेकने प्रसाद के पुत्र उत्तम प्रसाद, उम्र लगभग 65 वर्ष, के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वे ई-रिक्शा से उतरकर अपनी दुकान की ओर जा रहे थे और सड़क पार कर रहे थे, तभी बरौनी की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। भीड़ का आक्रोश इस कदर था कि मौके पर पहुंचे पुलिस बल को भी कुछ देर के लिए खदेड़ दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही दलसिंहसराय थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन भीड़ के आक्रोश को देखते हुए पीछे हटना पड़ा। बाद में डीएसपी विवेक कुमार शर्मा, बीडीओ राजीव कुमार और अन्य वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय लोगों की बैरिकेडिंग हटाने की मांग पर विचार किया जा रहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Tags: