Bihar Accident: भोजपुर जिले के तरारी प्रखंड के सिकरहटा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सिकरौल पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार पिकअप वाहन से अचानक अलग हुई मिक्चर मशीन ने सामने से आ रहे टेम्पू को चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय शिक्षिका रौशन जहां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सरपंच नसीमा खातून समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतका रौशन जहां, पति सैदुल्लाह उर्फ जावेद अली मूल रूप से अजीमाबाद की निवासी थीं और दानापुर के सिकंदरपुर स्थित स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। प्रसव के बाद वह मायके सिकरहटा खुर्द आई हुई थीं। शनिवार को वह अपनी मां एवं ग्राम पंचायत सिकरहटा खुर्द की सरपंच नसीमा खातून के साथ पीरो में बच्चों को पोलियो की सुई दिलाने जा रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पू पलट गया और रौशन जहां के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे में टेम्पू में सवार एक अन्य सुष्मिता कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज पीरो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। वहीं दो अन्य युवकों का निजी क्लिनिक में उपचार कराया गया। सरपंच नसीमा खातून की हालत नाजुक होने पर उन्हें आरा सदर अस्पताल रैफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही सिकरहटा और पीरो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Tags: