Bihar : नदी नहाने गए बालक की गड्ढे में डूबने से मौत

Update: 2025-04-12 04:56 GMT
Bihar बिहार: जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरनार नदी के गम्हरिया घाट में शुक्रवार की दोपहर नहाने गया एक बालक डूबकर मर गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने घाट में बालू उठाने गए दो ट्रकों में आग लगा दी। जबकि एक ट्रक का शीशा तोड़ दिया। साथ ही जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। मृत बालक की पहचान गम्हरिया निवासी 15 वर्षीय जाफर अंसारी के रूप में हुई। इधर, घटना की सूचना पाकर कई थानों के थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को नियंत्रित करने में जुट गए।
वहीं, बाद में एसडीओ अभय कुमार तिवारी, स्थानीय बीडीओ और सीओ भी मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं। स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि जाफर अंसारी अपने कुछ दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था, तभी बालू उठाव के कारण बने गड्ढे में वह डूब गया। इस दौरान उसके दोस्तों ने हो-हल्ला किया तो स्थानीय लोग जुटे और नदी में डूबे बालक को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और घाट पर लगे दो ट्रकों में आग लगा दी। जबकि एक ट्रक का शीशा तोड़कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।
इधर, स्थानीय लोगों का आरोप है कि नदी में बेतरतीब बालू उत्खनन के कारण बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। कई लोगों की डूबकर मौत हो चुकी है। लोगों का कहना है कि ठेकेदार ने प्रशासन की मिलीभगत से नदी में 20-25 फीट खोदकर बालू निकाला है, जिसके कारण गड्ढे बन गए हैं। हर दिन किसी न किसी के डूबकर मरने की आशंका बनी रहती है। इधर, घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग बालू ठेकेदार और प्रशासन की मिलीभगत को लेकर आक्रोशित हैं।
Tags:    

Similar News