Bihar बिहार : बिहार की राजधानी पटना का बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र सोमवार को उस समय छावनी में तब्दील हो गया, जब लोदीपुर स्थित 'होटल ताज सिटी सेंटर' पर आतंकवादी हमले की खबर मिली। AK-47 और हैंड ग्रेनेड से लैस तीन हमलावरों के होटल में घुसने और करीब 100 मेहमानों को बंधक बनाने की सूचना से पूरे शहर में हड़कंप मच गया। हालांकि, ऑपरेशन के अंत में पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए आयोजित एक 'मॉक ड्रिल' (Mock Drill) थी।
सोमवार सुबह की शुरुआत किसी डरावनी फिल्म के सीन जैसी थी। तय स्क्रिप्ट के अनुसार सुबह तीन डमी आतंकवादी होटल के एंट्रेंस गेट पर पहुंचे और सुरक्षाकर्मियों पर फायरिंग करते हुए दो हैंड ग्रेनेड फेंके। हमलावर होटल के भीतर दाखिल हुए और वहां मौजूद लगभग 100 मेहमानों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। वहीं धमाके की आवाज सुनते ही बुद्धा कॉलोनी पुलिस ने मोर्चा संभाला। चंद मिनटों में ATS (Anti-Terrorism Squad) की टीमें सायरन बजाती हुई मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके की बैरिकेडिंग कर दी गई।