Bihar बिहार: खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के रहीमपुर मोड़ पर सोमवार की सुबह एक हृदय विदारक घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। सुबह-सुबह अपनी डब्बा दुकान में काम कर रहे 22 वर्षीय राजा कुमार की बिजली का करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, वासुदेव दास का पुत्र राजा कुमार प्रतिदिन की तरह अपनी दुकान में काम कर रहा था। दुकान में लगे होल्डर से बल्ब निकालने की कोशिश कर रहा था, तभी उसे जोरदार करंट का झटका लगा।
करंट लगते ही वह बेहोश हो गया।परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत परबत्ता अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। राजा कुमार अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम का माहौल है। परबत्ता थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।