Bihar : हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22 के काजीपुर थाना क्षेत्र में एकरा ओवर ब्रिज के पास मंगलवार को एक बाइक दुर्घटना में 15 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। मौके पर स्थानीय लोग जमा हो गए और घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को सदर अस्पताल लाया। डॉक्टरों ने प्रणव कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल हिमांशु कुमार का प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, प्रणव और हिमांशु दोस्त थे और दोनों घर से बाइक लेकर घूमने निकले थे। घर लौटते समय बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रणव की मां अस्पताल पहुंच गई और बेटे का शव देखकर बार-बार बेसुध हो रही थीं। प्रणव के पिता की दो वर्ष पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। इस दुर्घटना ने परिवार और गांव में शोक और मातम फैला दिया है।