भोजपुर जिले के भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में अब एक नया और बड़ा मोड़ सामने आया है। इस मामले में पूर्व RAW एजेंट और पूर्व एनएसजी कमांडो लक्की बिष्ट की एंट्री हो गई है। उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलने और उनके न्याय की मांग का समर्थन करने के लिए बिहार आने का ऐलान किया है। उनके इस बयान के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
जानकारी के अनुसार, 17 जून 2026 को भोजपुर जिले के बिलौती गांव में पुलिस कार्रवाई के दौरान भरत भूषण तिवारी की मौत हो गई थी। पुलिस का दावा है कि भरत हथियार के साथ मौजूद था और पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में मारा गया। वहीं परिजनों का आरोप है कि भरत ने आत्मसमर्पण कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद उसे गोली मार दी गई। परिवार इसे फर्जी एनकाउंटर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।
लक्की बिष्ट ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में कहा कि वह जल्द ही बिहार पहुंचकर भरत तिवारी की मां से मुलाकात करेंगे और पूरे मामले को समझने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी परिवार के साथ अन्याय हुआ है तो उसके साथ खड़ा होना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं, लेकिन किसी भी स्थिति में हथियार का सहारा न लें।
लक्की बिष्ट ने वीडियो में कहा: वीडियो देखे https://www.instagram.com/reel/DZ4a9Xzohq7/?igsh=N25ndnJ3djRuN3Mz
इस बीच प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शाहपुर थाना के तत्कालीन एसएचओ समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है और न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह कार्रवाई आत्मरक्षा में हुई थी या आरोपों में सच्चाई है।
लक्की बिष्ट जैसे पूर्व सुरक्षा अधिकारी के जुड़ने से यह मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर भी इस केस को लेकर बहस तेज हो गई है और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
अब सभी की नजर न्यायिक जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जो इस पूरे विवाद की दिशा तय करेगी।