बेगूसराय: नए सिपाहियों को खाकी, DIG बोले- संवेदनशीलता जरूरी

Update: 2026-06-23 11:47 GMT

Bihar: बेगूसराय पुलिस लाइन में मंगलवार को आयोजित भव्य पासिंग आउट एवं दीक्षांत समारोह में 241 नए प्रशिक्षित सिपाहियों ने प्रशिक्षण पूरा कर बिहार पुलिस बल में अपनी औपचारिक जिम्मेदारी संभाल ली. वर्ष 2025 बैच के इन जवानों ने प्रशिक्षण के समापन के बाद आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया और देश व समाज की सेवा के प्रति निष्ठा की शपथ ली. समारोह में बेगूसराय रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. उनके साथ एसपी मनीष, मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार, सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय, साइबर डीएसपी इमरान अहमद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.

परेड की सलामी लेने के बाद डीआईजी शैलेश कुमार सिन्हा ने नव-प्रशिक्षित सिपाहियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण का माध्यम है. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद ये जवान अब एक नई पहचान के साथ खाकी वर्दी में समाज की सुरक्षा का दायित्व संभालेंगे. डीआईजी ने कहा कि पुलिसकर्मियों को हमेशा आम जनता के प्रति संवेदनशील और सहयोगी व्यवहार रखना चाहिए.

उन्होंने कहा कि वर्दी की शक्ति कभी भी अहंकार का कारण नहीं बननी चाहिए. पुलिस और आम नागरिक दोनों कानून के दायरे में समान हैं, इसलिए हर जवान को अपने आचरण में अनुशासन और मर्यादा बनाए रखना जरूरी है. उन्होंने यह भी कहा कि सड़क पर किसी बीमार या असहाय व्यक्ति की मदद करना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है.

डीआईजी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जो लोग कानून का पालन करते हैं उनके साथ सहयोगात्मक रवैया रखा जाए, जबकि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. उन्होंने जवानों को आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी ध्यान देने की सलाह दी.

जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षण प्राप्त 241 सिपाहियों को आधुनिक हथियार संचालन, साइबर अपराध जांच, कानून-व्यवस्था नियंत्रण, वीआईपी सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रशिक्षित किया गया है. इनमें से कई जवानों की तैनाती पटना जिला कंट्रोल रूम और ईआरएसएस जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों में की जाएगी.

प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सभी सिपाही अब अपनी-अपनी इकाइयों में लौटकर नागरिक सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाएंगे. समारोह के समापन पर सभी नव-नियुक्त जवानों को शुभकामनाएं दी गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.

Tags:    

Similar News