Bihar: बिहार के भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी मंगलवार को झारखंड के रामगढ़ जिले स्थित प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिके मंदिर, रजरप्पा पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर देश और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिर में नारियल बलि अर्पित की और रक्षा सूत्र भी बंधवाया। पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनकी मां छिन्नमस्तिके के प्रति गहरी आस्था है और उनका परिवार वर्षों से यहां आता रहा है।
इस दौरान अशोक चौधरी ने बिहार के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर भी प्रतिक्रिया दी और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर भरत तिवारी मानसिक रूप से अस्वस्थ था तो उसे पहले गिरफ्तार कर मेडिकल जांच करानी चाहिए थी। यदि जांच में वह विक्षिप्त पाया जाता तो उसे अस्पताल भेजा जाना चाहिए था, और सामान्य पाए जाने पर कानूनी प्रक्रिया के तहत जेल में रखा जाता।
मंत्री ने कहा कि सीधे गोली चलाना सही प्रक्रिया नहीं थी और पुलिस को हर परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में कुछ पुलिस अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही उन्होंने बताया कि सरकार ने मामले की न्यायिक जांच हाईकोर्ट के न्यायाधीश से कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अशोक चौधरी ने यह भी कहा कि जनता में इस घटना को लेकर आक्रोश है और जनप्रतिनिधि होने के नाते गलत को गलत कहना जरूरी है।
इसके अलावा उन्होंने बिहार से होने वाले पलायन पर भी बात की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योग और निवेश बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है ताकि रोजगार के नए अवसर पैदा हों और पलायन को कम किया जा सके।
मंदिर परिसर में उनके दौरे के दौरान स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल की मौजूदगी रही।