Guwahati गुवाहाटी: असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने डिब्रूगढ़ जिले में एक वन्यजीव तस्करी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 11 टोकै गेक्को जब्त किए और तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई मोहानबाड़ी इलाके के एक ढाबे पर की गई, जहां संदिग्ध तस्करों को वाहन से पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी के दौरान एक कार से एक लाल बैग बरामद हुआ जिसमें 11 टोकै गेक्को को अलग-अलग नायलॉन बैग में रखा गया था। आरोपियों के पास से दो वाहन, तीन मोबाइल फोन और पहचान से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए।
पूछताछ में सामने आया कि गेक्को अरुणाचल प्रदेश से लाए गए थे और हर एक को ₹1 लाख में बेचने की योजना थी। टोकै गेक्को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I के तहत संरक्षित प्रजाति है, जिसकी तस्करी गंभीर अपराध है और इसमें सात साल तक की जेल हो सकती है।