Assam : पुलिस ने ‘ऑपरेशन घोस्ट सिम’ के तहत मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया
Assam असम :असम पुलिस ने अपने ‘ऑपरेशन घोस्ट सिम’ अभियान के तहत धुबरी जिले में एक प्रमुख संदिग्ध को गिरफ्तार किया है, जो साइबर अपराधियों को फर्जी फोन कनेक्शन मुहैया कराने वाले नेटवर्क को चलाने में मदद करता है।
ये साइबर अपराधी इनका इस्तेमाल लोगों को ऑनलाइन ठगने के लिए करते हैं। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि राज्य के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने धुबरी पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में शुक्रवार रात को बिलासीपारा से मोहम्मद रूपचंद अली नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, 15 मतदाता पहचान पत्र, एक आधार कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया गया।
अभियान के तहत अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी से फिलहाल पूछताछ चल रही है और उसने शुरुआती पूछताछ में कई अहम जानकारियां दी हैं। असम, राजस्थान और तेलंगाना में एक रैकेट के बारे में खुफिया जानकारी मिलने के बाद ‘ऑपरेशन घोस्ट सिम’ शुरू किया गया था। यह रैकेट फर्जी पहचान के तहत सिम कार्ड खरीदता है और उन्हें साइबर अपराध और पुलिस द्वारा ‘राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों’ में शामिल अपराधियों को मुहैया कराता है।