सीएम सरमा के विवादित बोल से थाने पहुंची असम कांग्रेस, पुलिस ने मामला दर्ज करने से किया इनकार

असम प्रदेश कांग्रेस मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए दिसपुर पुलिस स्टेशन पहुंची।

Update: 2022-02-15 18:03 GMT

असम प्रदेश कांग्रेस मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए दिसपुर पुलिस स्टेशन पहुंची। हालांकि पुलिस ने मुख्यमंत्री के खिलाफ मामला दर्ज करने से साफ इनकार कर दिया। बता दें कि उत्तराखंड में चुनावी रैली के दौरान मुख्यमंत्री सरमा ने कांग्रेसी नेता राहुल गांधी के पिता को लेकर टिप्पणी की थी।

असम कांग्रेस से वरिष्ठ नेता मेरा बोरठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री टिप्पणी से गांधी परिवार की छवि खराब हुई है। ये एक संवेदनशील मामला है, लेकिन पुलिस ने इस पर कोई भी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया है। असम कांग्रेस ने कहा कि अगर पुलिस मामला दर्ज नहीं करेगी तो वे अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। असम में विपक्षी नेता देववत्र सैकिया ने कहा कि ऐसा कई बार हुआ है जब कोर्ट की मदद से मामला दर्ज करवाया गया है। इस बीच तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस ने राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी को लेकर सरमा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
तेलंगाना कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद रेवंत रेड्डी ने असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। सरमा ने 11 फरवरी को उत्तराखंड में हुई एक रैली के दौरान सितंबर 2016 में हुई सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने के लिए राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया था। उन्होंने पूछा था कि क्या भाजपा ने कभी उनके पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बेटे होने का सबूत मांगा था।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि असम के मुख्यमंत्री की टिप्पणी से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है और उन्होंने सरमा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153-ए, 505 (2) और 294 के तहत मामला दर्ज करने का अनुरोध किया है। वहीं सरमा ने गुवाहाटी में मीडिया को जवाब देते हुए कहा था कि राहुल गांधी आधुनिक जिन्ना के रूप में विकसित हुए हैं। विभाजन से पहले जिन्ना जो भाषा बोलते थे, वहीं भाषा राहुल गांधी बोलते हैं। इस बीच राहुल गांधी 21 फरवरी को मणिपुर का दौरा कर रहे हैं और उनके राज्य में चुनावी रैलियों को संबोधित करने की उम्मीद है।


Tags:    

Similar News