Arunachal प्रदेश के शि-योमी जिले के स्कूल में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत, तीन घायल
अरुणाचल Arunachal : अरुणाचल प्रदेश के शि-योमी जिले के एक सरकारी आवासीय विद्यालय में रविवार को आग लगने से एक छात्र की जलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
शि-योमी के पुलिस अधीक्षक एस.के. थोंगडोक ने बताया कि यह घटना पापिकुरुंग सरकारी आवासीय विद्यालय के बालक छात्रावास में तड़के करीब 2 बजे हुई।
एसपी ने बताया कि घायलों की पहचान लुखी पुजेन (8), तनु पुजेन (9) और तायी पुजेन (11) के रूप में हुई है और उनका इलाज पश्चिम सियांग जिले के आलो स्थित क्षेत्रीय सामान्य अस्पताल में चल रहा है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
अधिकारी ने बताया कि मामले की जाँच के लिए मोनीगोंग शहर से 17 किलोमीटर दूर स्थित इस सुदूर गाँव में पुलिस की एक टीम भेजी गई है।
उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जाँच चल रही है क्योंकि गाँव में बिजली की सुविधा नहीं है।
पापिकुरुंग, ताडाडगे गाँव में भारतीय सेना की आखिरी चौकी से ठीक पहले स्थित है।