गुवाहाटी: अरुणाचल प्रदेश के अपर सियांग और ईस्ट सियांग ज़िलों में प्रस्तावित सियांग अपर मल्टीपर्पज़ प्रोजेक्ट (SUMP) के ख़िलाफ़ बुधवार को विरोध प्रदर्शन तेज़ हो गए। मुख्यमंत्री पेमा खांडू के यिंगकियोंग दौरे के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़कें जाम कीं, सुरक्षाकर्मियों से झड़प की और आरोप है कि एक स्थानीय विधायक के घर में तोड़-फोड़ भी की।
ये विरोध प्रदर्शन सरकार के उस कदम के ख़िलाफ़ थे जिसमें 11,000-12,500 मेगावाट की इस परियोजना के लिए प्री-फ़ेसिबिलिटी रिपोर्ट (PFR) सर्वे करने और परियोजना से प्रभावित इलाक़ों में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों को तैनात करने की योजना थी।
प्रदर्शनकारियों ने सर्वे के काम को तुरंत रोकने और प्रभावित इलाक़ों से सुरक्षा बलों को हटाने की मांग की।
इस आंदोलन की वजह से यिंगकियोंग-कोमकार-गेकू रूट और डाइटे डाइमे की ओर आने-जाने में रुकावट आई, क्योंकि प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर रास्ते रोक दिए थे।
तनाव तब और बढ़ गया जब प्रदर्शनकारी यिंगकियोंग में टुटिंग-यिंगकियोंग के विधायक आलो लिबांग के घर में घुस गए और आरोप है कि उन्होंने बांध-विरोधी नारे लगाते हुए घर में तोड़-फोड़ की। कई सरकारी गाड़ियों को भी नुकसान पहुँचाया गया और डाइटे डाइमे के पास पुलिस की एक गाड़ी में आग लगा दी गई।
कुछ जगहों पर सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों की रैलियों को रोकने की कोशिश की, जिससे हाथापाई भी हुई।
प्रदर्शनकारियों ने उस होटल के बाहर भी आवाजाही रोक दी जहाँ डिप्टी सीएम चौना मेन, मंत्री ओजिंग तासिंग और न्याटो डुकाम, और मुख्यमंत्री के सलाहकार निनोंग एरिंग ठहरे हुए थे, जिससे उनके तय कार्यक्रमों में जाने में रुकावट आई।
हालांकि, अपर सियांग के डिप्टी कमिश्नर अशोक ताजो ने कहा कि खांडू ने यिंगकियोंग में अपनी तय सरकारी बैठक पूरी की और फिर हेलीकॉप्टर से ज़िले से रवाना हो गए।
यह ताज़ा अशांति गेकू में ग्रामीणों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई झड़प के दो दिन बाद हुई है। 28 सितंबर को हुई उस झड़प में सरकारी गाड़ियों को नुकसान पहुँचाया गया था और चार लोगों को हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया गया था।
गेकू, कोमकार और आस-पास के इलाक़ों में PFR का विरोध जारी है, जहाँ ग्रामीणों ने प्रस्तावित सर्वे वाली जगहों तक मशीनरी को पहुँचने से रोकने के लिए सड़कें जाम कर दी हैं। इस प्रोजेक्ट का विरोध कर रहे स्थानीय 'आदि' समुदाय ने चिंता जताई है कि अगर यह प्रोजेक्ट आगे बढ़ता है, तो उन्हें अपनी जगह से हटना पड़ सकता है और वे अपनी पुश्तैनी ज़मीन, पारंपरिक ज़मीन, रोज़ी-रोटी, सांस्कृतिक पहचान और पर्यावरण को होने वाले नुकसान का सामना कर सकते हैं।
अनुमान है कि SUMP से कम से कम 1,00,000 निवासी प्रभावित होंगे और उनके विस्थापित होने का खतरा है। सियांग नदी पर निर्माण कार्यों से पर्यावरण पर पड़ने वाले असर को लेकर भी चिंताएं जताई गई हैं।
विरोध का नेतृत्व करने वाले संगठनों में से एक, 'सियांग इंडिजिनस फार्मर्स फोरम' (SIFF) ने 29-30 सितंबर को खांडू की यात्रा के दौरान बातचीत के निमंत्रण को ठुकरा दिया और प्रभावित समुदायों के साथ सीधी बातचीत की मांग की।
वहीं, खांडू का कहना है कि PFR (प्रारंभिक व्यवहार्यता रिपोर्ट) करने का मतलब प्रोजेक्ट के निर्माण को मंज़ूरी देना नहीं है, बल्कि इसका मकसद सिर्फ़ इसकी तकनीकी व्यवहार्यता का पता लगाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रक्रिया में लगभग तीन महीने लगेंगे और इससे यह तय होगा कि प्रोजेक्ट तकनीकी रूप से व्यवहार्य है या नहीं, साथ ही संभावित जगहों और तकनीकी पैमानों की पहचान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इसके बाद की प्रक्रियाएं, जिनमें सामाजिक और पर्यावरणीय प्रभाव का आकलन, विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करना और लोगों से सलाह-मशविरा शामिल है, PFR के नतीजों पर निर्भर करेंगी।
खांडू ने यह भी कहा कि लोगों को प्रोजेक्ट का विरोध करने और सरकार से सवाल पूछने का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन विरोध प्रदर्शनों में सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए।
राज्य सरकार ने PFR प्रक्रिया के समन्वय और देखरेख के लिए ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री ओजिंग टासिंग की अध्यक्षता में एक 'एम्पावर्ड हाई-लेवल कमेटी' (अधिकार-प्राप्त उच्च-स्तरीय समिति) का गठन किया है।
ये विरोध प्रदर्शन उस इलाके में पनबिजली प्रोजेक्ट्स से जुड़ी गतिविधियों के बीच हो रहे हैं।
दिसंबर 2024 में, चीन ने तिब्बती पठार के पूर्वी किनारे पर दुनिया के सबसे बड़े पनबिजली बांध के निर्माण को मंज़ूरी दी। इस मंज़ूरी से प्रोजेक्ट के असर को लेकर चिंताएं पैदा हुईं, क्योंकि इससे भारत और बांग्लादेश में नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लाखों लोग प्रभावित हो सकते हैं।
'पावर कंस्ट्रक्शन कॉर्प ऑफ़ चाइना' ने यारलुंग त्सांगपो नदी के निचले हिस्से में बनने वाले बांध की लागत 137 अरब डॉलर आंकी है और कहा है कि इससे सालाना 300 अरब किलोवाट-घंटे (kWh) बिजली पैदा हो सकती है। यह प्रोजेक्ट चीन के 'थ्री गॉर्जेस डैम' (जो अभी दुनिया का सबसे बड़ा डैम है और जिसकी क्षमता 88.2 अरब kWh है) के मुकाबले तीन गुना ज़्यादा ऊर्जा पैदा करेगा।