हैदराबाद: आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और मशहूर तेलुगु अभिनेता पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने अलग होने का फैसला किया है। इसके साथ ही उनकी 13 साल पुरानी शादी का अंत हो गया है।
बता दें कि पवन कल्याण ने सितंबर 2013 में हैदराबाद के एक सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में 'स्पेशल मैरिज एक्ट' के तहत रूसी नागरिक अन्ना लेझनेवा से शादी की थी। इस जोड़े के दो बच्चे हैं - पोलेना अंजना पवनोवा और मार्क शंकर पवनोविच।
अपने शुभचिंतकों और करीबियों के लिए जारी एक संयुक्त बयान में उन्होंने कहा, "अपनी जिंदगी का एक लंबा हिस्सा साथ बिताने के बाद, हमने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है।"
उन्होंने आगे कहा, "भले ही हमारी शादी खत्म हो गई है, लेकिन हम अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने प्यारे बच्चों के लिए एक समर्पित माता-पिता की भूमिका निभाते रहेंगे। बच्चों की खुशी और भलाई हमेशा हमारी प्राथमिकता रहेगी।"
बयान के अंत में उन्होंने कहा, "जीवन के इस बदलाव के दौर में, हम आपसे समझदारी, दया और हमारी निजता (प्राइवेसी) का सम्मान करने की उम्मीद करते हैं। इस सफर में जो लोग हमारे साथ खड़े रहे, हम उन सभी का दिल से आभार व्यक्त करते हैं।"
अलग होने के फैसले की घोषणा के तुरंत बाद, अन्ना कोनिडेला ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया।
इस खबर से अभिनेता के फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े उनके शुभचिंतकों को गहरा झटका लगा है, क्योंकि यह जोड़ा एक-दूसरे के काफी करीब माना जाता था।
गौरतलब है कि इस साल 2 सितंबर को पवन कल्याण के 55वें जन्मदिन पर, अन्ना ने उनके लिए एक बहुत ही भावुक पोस्ट लिखा था।
अन्ना कोनिडेला ने इंस्टाग्राम पर अपने पति पवन कल्याण के साथ एक तस्वीर शेयर की थी। उन्होंने लिखा था, "आज हम आपका जन्मदिन मना रहे हैं। आप बहुत से लोगों के दिलों, ख्यालों और प्रार्थनाओं में बसे हैं। यह इस बात का खूबसूरत सबूत है कि आपने कितने लोगों की जिंदगी को छुआ है और दूसरों को कितना कुछ दिया है। जन्मदिन मुबारक हो!"