Andhra Pradesh: नाबालिग ने अनजान शख्स ने शराब के लिए मांगे 10 रुपये, नहीं देने पर की हत्या
Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग ने एक व्यक्ति की महज 10 रुपये के लिए हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में था और उसने चाकू से हमला कर एक अनजान शख्स की हत्या कर दी। आरोपी ने शराब खरीदने के लिए अनजान व्यक्ति से 10 रुपये मांगे थे। पीड़ित ने पैसे देने से इनकार कर दिए, जिसके बाद आरोपी ने उस पर हमला कर दिया। हत्या की यह वारदात शराब की दुकान से कुछ ही दूरी पर हुई है। फिलहाल पुलिस ने इस घटना को लेकर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि 17 वर्षीय लड़का कथित तौर पर नशे की हालत में था। वह शराब की दुकान के पास पीड़ित के पास पहुंचा और शराब खरीदने के लिए पैसे मांगे। मृतक की पहचान टाटाजी (49) के रूप में हुई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "शराब खरीदने के लिए 10 रुपये देने से इनकार करने पर एक नाबालिग ने उस व्यक्ति की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।