Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के अन्नामया जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। आम से लदा एक ट्रक पलटने से नौ मजदूरों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। यह भीषण हादसा रविवार रात कडप्पा शहर से लगभग 60 किलोमीटर दूर पुलमपेटा मंडल के रेड्डी चेरुवु कट्टा में हुआ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, झील किनारे ट्रक के पलटते ही ट्रक में आमों के ऊपर बैठे मजदूर आमों के भारी ढेर के नीचे दब गए। बताया जा रहा है कि आमों का वजन 30-40 टन था, जिसके नीचे दबकर मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में मरने वालों में पांच महिलाएं भी शामिल हैं।घायलों को तुरंत राजमपेट के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए कडप्पा के रिम्स अस्पताल भेजा गया है।
दुर्घटनास्थल पर ही आठ मजदूरों की मौत हो गई। उनकी पहचान गज्जला दुर्गाय्या (32), गज्जला लक्ष्मी देवी (36), गज्जला रमण (42), गज्जला श्रीनु (32), राधा (39), वेंकट सुब्बम्मा (37), चितेम्मा (25) और सुब्बा रत्नम्मा (45) के रूप में हुई। नौवें मज़दूर, मुनिचंद्र (38) ने राजमपेट के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। हादसे में बाल-बाल बचे ट्रक चालक ने पुलिस को बताया कि सामने से आ रही एक कार से बचने की कोशिश में उसने ट्रक पर से नियंत्रण खो दिया। पुलिस मौके पर पहुँची और जेसीबी की मदद से बचाव अभियान शुरू किया।