Veg Noodles Cutlet: समोसे और पकौड़ों की जगह ट्राई करें सुपर क्रिस्पी वेज नूडल्स कटलेट
Veg Noodles Cutlet: बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट ये कटलेट्स काफी आसानी से तैयार हो जाते हैं जिस वजह से आप इन्हें सिर्फ शाम के नाश्ते में ही नहीं बल्कि बच्चों को टिफिन में देकर स्कूल भेजने के लिए और पार्टी स्नैक की तरह भी तैयार कर सकते हैं. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी|
वेज नूडल्स कटलेट बनाने के लिए जरूरी सामग्री:
उबले हुए नूडल्स – 2 कप
उबला हुआ आलू – 2 मीडियम साइज के
गाजर – आधा कप बारीक कटी
शिमला मिर्च – आधाकप बारीक कटी
प्याज – 1 छोटा साइज का बारीक कटा हुआ
हरी मिर्च – 1 बारीक कटी
अदरक-लहसुन का पेस्ट – 1 छोटा चम्मच
कॉर्नफ्लोर – 2 बड़े चम्मच
ब्रेड क्रम्ब्स – आधा कप
नमक – स्वाद अनुसार
काली मिर्च पाउडर – आधा छोटा चम्मच
चाट मसाला – 1 छोटा चम्मच
तेल – तलने के लिए
वेज नूडल्स कटलेट बनाने की रेसिपी:
वेज नूडल्स कटलेट बनाने के लिए सबसे पहले उबले हुए नूडल्स को बारीक काट लें ताकि कटलेट का मिश्रण अच्छे से बंध सके. अब एक बड़े बाउल में नूडल्स, मैश किया हुआ आलू, गाजर, शिमला मिर्च, प्याज़, हरी मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें. इसके बाद इसमें नमक, काली मिर्च और चाट मसाला मिलाकर सब चीजों को अच्छी तरह हाथ से मिक्स करें.
अब इसमें कॉर्नफ्लोर और थोड़ा सा ब्रेड क्रम्ब्स डालें, ताकि मिश्रण अच्छे से बंध जाए और फिर तैयार मिश्रण से मनचाहे शेप के कटलेट बना लें. अब हर कटलेट को हल्के से ब्रेड क्रम्ब्स में लपेट लें.
एक कढ़ाही में तेल गर्म करें और मीडियम आंच पर कटलेट्स को गोल्डन और क्रिस्पी होने तक तल लें. तैयार कटलेट्स को टिशू पेपर पर निकाल लें ताकि एक्स्ट्रा ऑइल निकल जाए|
वेज नूडल्स कटलेट परोसने का तरीका:
वेज नूडल्स कटलेट को हरी चटनी, टोमैटो केचप या मेयोनीज के साथ गर्मागर्म परोसें. चाहें तो इन्हें ब्रेड के बीच रखकर सैंडविच की तरह भी सर्व कर सकते हैं|