सही आटा और बैटर से बनेंगे हल्के और फूले हुए कुलचे
जिसे देशभर में लोग बड़े चाव से खाते हैं।
Lifestyle लाइफ स्टाइल : छोले-कुलचे एक ऐसा लोकप्रिय स्ट्रीट फूड है, जिसे देशभर में लोग बड़े चाव से खाते हैं। खासकर दिल्ली और आसपास के इलाकों में इसकी अलग ही पहचान है। लेकिन बाजार में मिलने वाले छोले-कुलचे अक्सर ज्यादा तेल वाले होते हैं, जिससे कई लोग अब इसे घर पर ही बनाना पसंद करने लगे हैं ताकि स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी ध्यान रखा जा सके।
छोले बनाना तो अधिकतर लोगों को आता है, लेकिन असली चुनौती कुलचे तैयार करने में आती है। आमतौर पर कुलचे तंदूर या ओवन में बनाए जाते हैं, लेकिन जिनके पास ये सुविधाएं नहीं हैं, वे तवा पर भी आसानी से मुलायम और स्वादिष्ट कुलचे बना सकते हैं। कई लोग मानते हैं कि तवे पर बने कुलचे सख्त या चबाने में मुश्किल होंगे, लेकिन सही विधि अपनाकर इन्हें बिल्कुल बाजार जैसे सॉफ्ट बनाया जा सकता है।
दिल्ली के करोलबाग के मशहूर छोले-कुलचे विक्रेताओं के अनुसार, कुलचे की नरमी का असली राज उसके आटे और बैटर में छिपा होता है। अगर आटा सही तरीके से तैयार किया जाए और उसे पर्याप्त समय दिया जाए तो कुलचे मुलायम और फूले हुए बनते हैं। इसके लिए आटे में दही, थोड़ा बेकिंग सोडा और हल्का तेल मिलाकर अच्छे से गूंथना जरूरी होता है। साथ ही आटे को कुछ समय के लिए ढककर छोड़ना भी जरूरी है ताकि वह अच्छी तरह से फूल जाए।
जब कुलचे बनाने हों तो तवे को पहले अच्छे से गर्म करें और फिर मध्यम आंच पर सेकें। ऊपर से हल्का मक्खन या घी लगाने से स्वाद और भी बढ़ जाता है। इस विधि से बने कुलचे न सिर्फ मुलायम होते हैं बल्कि उनका स्वाद भी बाजार जैसे कुलचों को टक्कर देता है।
घर पर बनाए गए छोले-कुलचे न केवल स्वादिष्ट होते हैं बल्कि साफ-सुथरे और सेहत के लिहाज से भी बेहतर विकल्प साबित होते हैं। यही वजह है कि आजकल लोग इस पारंपरिक स्ट्रीट फूड को घर पर बनाकर एंजॉय कर रहे हैं।