Skin Tips: बेजान त्वचा को चमकदार बनाने के लिए आजमाएं ये घरेलू फेस मास्क
Skin Tips: मानसून के मौसम में अक्सर चेहरे की चमक फीकी पड़ने लगती है। ऐसे में चेहरे पर ताजगी बनाए रखना किसी चुनौती से कम नहीं होता। वहीं, तैलीय त्वचा वालों के लिए यह मौसम और भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है, क्योंकि चेहरे पर बार-बार तेल जमा हो जाता है, जिससे रोमछिद्र बंद होने लगते हैं और ब्रेकआउट यानी पिंपल्स की समस्या बढ़ जाती है।
वैसे तो इसके लिए बाजार में कई उत्पाद उपलब्ध हैं, लेकिन आप घर में रखी कुछ चीजों से भी इसे ठीक कर सकते हैं। ये कुछ ऐसे उपाय हैं, जो बिना किसी नुकसान के त्वचा को तरोताजा करते हैं और प्राकृतिक चमक भी लौटाते हैं। तो अगर आप भी तैलीय त्वचा से परेशान हैं या अपने चेहरे की खोई हुई चमक वापस लाना चाहते हैं, तो इन 5 फेस मास्क का इस्तेमाल कर सकते हैं। आइए जानते हैं इन्हें कैसे बनाएं और कैसे इस्तेमाल करें।
खीरा और एलोवेरा फेस मास्क:
खीरा और एलोवेरा फेस मास्क त्वचा को तरोताजा करने के लिए सबसे फायदेमंद है। यह चेहरे को ठंडक भी देता है और मृत त्वचा को हटाकर प्राकृतिक चमक भी लाता है। इसे बनाने के लिए, 2 चम्मच खीरे का रस लें और उसमें एक चम्मच एलोवेरा जेल मिलाएँ। दोनों को अच्छी तरह मिलाएँ। इसे अपने चेहरे और गर्दन पर लगाएँ और 15 मिनट बाद धो लें।
मुल्तानी मिट्टी और शहद का मास्क:
चेहरे की चमक के लिए मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल लंबे समय से किया जाता रहा है। वहीं, शहद भी त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद होता है। इसके लिए, 1 चम्मच मुल्तानी मिट्टी लें और उसमें आधा चम्मच शहद मिलाएँ। इसका पेस्ट तैयार करें और पूरे चेहरे पर अच्छी तरह लगाएँ। 15-20 मिनट बाद चेहरा धो लें। यह त्वचा से अतिरिक्त तेल हटाकर त्वचा को चमकदार और साफ़ बनाता है।
नींबू और बेसन का फेस मास्क:
नींबू और बेसन का फेस मास्क भी चेहरे की खोई चमक लौटाने का सबसे अच्छा तरीका है। इसके इस्तेमाल से त्वचा चमकदार और टाइट बनती है। नींबू त्वचा को डिटॉक्सीफाई करता है और तेल को नियंत्रित करता है। वहीं, बेसन चेहरे से गंदगी हटाकर त्वचा को साफ़ करता है। आपको बस 1 चम्मच बेसन में आधा चम्मच नींबू का रस मिलाना है। गुलाब जल मिलाकर पेस्ट बनाएँ और इसे चेहरे पर लगाकर 15 मिनट बाद धो लें।
टमाटर और चावल के आटे का फेस मास्क:
टमाटर चेहरे से टैनिंग हटाने के लिए सबसे ज़्यादा उपयोगी है। वहीं, आटा चेहरे की गंदगी साफ़ करके त्वचा को बेदाग़ बनाता है। इसका मास्क बनाना भी बेहद आसान है। बस एक कटोरी में 1 छोटा चम्मच टमाटर का रस लें और उसमें 1 छोटा चम्मच चावल का आटा मिलाएँ। इसे चेहरे पर लगाएँ और सूखने के बाद हल्के हाथों से स्क्रब करते हुए धो लें।
ग्रीन टी और दही का फेस मास्क:
ग्रीन टी सिर्फ़ वज़न घटाने के लिए ही नहीं, बल्कि चेहरे की खूबसूरती बढ़ाने में भी कारगर है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो त्वचा को तरोताज़ा बनाते हैं। वहीं, दही त्वचा को चमकदार और मुलायम बनाता है। इसके लिए 1 छोटा चम्मच ठंडी ग्रीन टी लें और उसमें 1 छोटा चम्मच दही मिलाकर पेस्ट बना लें। पेस्ट को चेहरे पर लगाकर 15 मिनट बाद गुनगुने पानी से धो लें।