Semolina Besan Tikki: मानसून में उठाएं इस चटपटी डिश का लुत्फ

Update: 2025-08-22 06:26 GMT
Semolina Besan Tikki: यह बच्चों के बीच काफी लोकप्रिय है। उनके टिफिन बॉक्स में भी इसे रखा जा सकता है। इसे आलू के बगैर बना सकते हैं। इसमें प्याज, टमाटर और गाजर समेत अन्य सब्जियों का उपयोग कर सकते हैं। यह स्वाद के मामले में किसी से भी कम नहीं पड़ती। इस डिश को खाने वाला बस इसकी तारीफ ही करता रहता है। यह डिश मानसून का मजा दोगुना कर देगी। घर आए मेहमानों को भी इसके स्वाद से रूबरू कराया जा सकता है। आपने अगर यह कभी नहीं बनाई है तो हमारी बताई विधि की मदद लें। इससे आप यह आसानी से तैयार कर पाएंगे।
सामग्री (Ingredients)
सूजी – 1 कप
बेसन – 1 कप
प्याज – 1
टमाटर – 1
गाजर – 1
कढ़ी पत्ते – 8-10
हरा धनिया कटा – 1/4 कप
हरी मिर्च कटी – 1 टी स्पून
हल्दी – 1/4 टी स्पून
लाल मिर्च पाउडर – 1/2 टी स्पून
राई – 1/2 टी स्पून
हींग – 1 चुटकी
तेल – जरुरत के मुताबिक
नमक – स्वादानुसार
विधि (Recipe)
- सबसे पहले प्याज, टमाटर, गाजर के बारीक-बारीक टुकड़े काट लें। अब एक बड़ी बाउल में बेसन और सूजी डालकर मिक्स करें।
- अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए बैटर तैयार कर लें। इसके बाद बैटर में हल्दी, लाल मिर्च पाउडर डालकर मिक्स करें।
- फिर बैटर में बारीक कटी प्याज, टमाटर और गाजर डालकर अच्छी तरह से मिक्स करें। अब एक कड़ाही लें और उसमें एक चम्मच तेल डालकर गरम करें।
- तेल गरम हो जाने के बाद उसमें कढ़ी पत्ते और राई डालकर चटकाएं। कुछ देर बाद एक चुटकी हींग और हरी मिर्च डालकर भूनें।
- इसके बाद सूजी-बेसन का तैयार बैटर कड़ाही में डालकर पकाएं। बैटर को मीडियम आंच पर तब तक पकाएं जब तक कि गाढ़ा न हो जाए।
- जब मिश्रण कड़ाही छोड़ने लग जाए तो गैस बंद कर दें और ठंडा होने दें। अब हाथों में तेल लगाएं और मिश्रण को थोड़ा-थोड़ा लेकर टिक्की बनाते जाएं और प्लेट में अलग रखते जाएं।
- इसके बाद एक नॉन स्टिक तवा लेकर उसे मीडियम आंच पर गरम करें। तवा गरम होने के बाद उस पर थोड़ा तेल डालकर फैलाएं और 4-5 टिक्कियां सेंकने के लिए रख दें।
- कुछ देर तक टिक्की सेकने के बाद पलटें और आस-पास थोड़ा सा तेल डालें। टिक्कियां तब तक सेकें जब तक दोनों ओर से क्रिस्पी होकर सुनहरी न हो जाएं।
- इसके बाद प्लेट में उतार लें। इसी तरह सारी टिक्की तैयार कर लें। इन्हें हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ सर्व करें।
Tags:    

Similar News