Murmura Dosa Recipe:मुरमुरा डोसा एक झटपट बनने वाला नाश्ता है. मुरमुरा यानी पफ्ड राइस से बनने वाला ये डोसा खाने में भी काफी टेस्टी होता है. गरमा-गरम मुरमुरा डोसा को आप नारियल की चटनी, टमाटर की चटनी या सांभर के साथ सर्व करें|
सामग्री :
मुरमुरा- 2 कप
सूजी- 2 चम्मच
चावल का आटा- आधा कप
दही- आधा कप
बेकिंग सोडा- आधा छोटा चम्मच
पानी- जरूरत के अनुसार
तेल या घी- जरूरत के अनुसार
मुरमुरा डोसा को कैसे तैयार करें?
मुरमुरा डोसा बनाने के लिए सबसे पहले आप मुरमुरा को हल्का सा धोकर 5 मिनट के लिए पानी में भिगो दें. अब आप पानी को छानकर मुरमुरा को मिक्सर जार में डाल दें. इसके बाद आप सूजी, चावल का आटा, दही और थोड़ा पानी डालकर बारीक पीस लें.
तैयार मिश्रण को आप एक बर्तन में निकाल लें. इसे आप 10 मिनट के लिए ढककर रख दें. अगर घोल ज्यादा गाढ़ा है तो थोड़ा पानी मिला लें. लेकिन घोल को ज्यादा पतला न करें. अब इसमें आप नमक और बेकिंग सोडा डालकर अच्छे से मिला लें.
अब तवा गर्म करें और हल्का सा तेल या घी लगा लें. तवे पर एक बड़े चम्मच की मदद से घोल डालकर गोल फैला लें. थोड़ा सा तेल या घी किनारों और बीच में डालें. मध्यम आंच पर डोसा को सुनहरा और क्रिस्पी होने तक पका लें. इसी तरीके से आप सारे डोसा को तैयार कर लें|