Mango Pickle : इस रेसिपी से बनाएं कच्चे आम का खट्टा-मीठा अचार

Update: 2025-05-16 06:03 GMT
Mango Pickle : भारतीय घरों में आम के अचार कई वैरायटी में बनाए जाते हैं। इन्हीं में शामिल है आम का खट्टा-मीठा अचार, जिसे पराठों के साथ खाना काफी पसंद आता है। इसी के चलते हम आपको यहां आम के खट्टे मीठे अचार को बनाने की रेसिपी बताने जा रहे हैं, ताकि आप इसे सालभर के लिए बनाकर स्टोर करके रख लें।
खट्टा मीठा आम का अचार बनाने का सामान:
कच्चे आम – 1 किलो
शक्कर – 750 ग्राम से 1 किलो
सौंफ – 2 बड़े चम्मच
मेथी दाना – 1 बड़ा चम्मच
कलौंजी – 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 2 छोटे चम्मच
हल्दी पाउडर – 1 छोटा चम्मच
नमक – 2 बड़े चम्मच
सरसों का तेल – 1 कप
विधि:
आम का खट्टा-मीठा अचार बनाने के लिए सबसे पहले तो आम को धोकर उसका छिलका उतार लें। अब उसे कद्दूकस कर लें। कद्दूकस करने के बाद इसे धूप में थोड़ा सा सुखा लें।
अचार तभी अच्छा बनेगा, जब इसका पूरा पानी सूख जाएगा। जब तक ये पूरी तरह से सूख रहा है, तब तक मेथी दाना और सौंफ को हल्का भूनकर दरदरा पीस लें। यदि आप अचार में भुना हुआ मसाला डालेंगे तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाएगा।
अब बारी आती है अचार को बनाने की, तो उसके लिए एक भारी तले की कड़ाही में आम, हल्दी, नमक और लाल मिर्च डालें और 5–10 मिनट पकाएं। इसके बाद अब इसमें चीनी डालें और मध्यम आंच पर पकाएं जब तक चीनी पिघलकर गाढ़ा सिरप न बन जाए।
जब आम नरम होने लगे तो गैस को बंद कर दें। गैस बंद होने के बाद इसमें भुने हुए मसाले डालें और सही तरह से मिक्स करें। मसाले मिक्स करने के बाद थोड़ा सा सरसों का तेल डालें और फिर से मिक्स करें।
अब अचार को साफ, सूखे कांच या चीनी मिट्टी के जार में भरें। आखिर में इसमें थोड़ा सा सरसों का तेल और मिक्स करें, ताकि ये सालभर खराब न हो। ये अचार पराठे के साथ खाने में काफी अच्छा और स्वादिष्ट लगता है।
Tags:    

Similar News