नई दिल्ली : रोज सुबह नाश्ते में क्या बनाया जाए, यह सवाल अक्सर हर घर में रहता है। अगर पोहा, उपमा और पराठे खाकर आप भी बोर हो चुके हैं, तो इस बार सूजी और दही से बना यह आसान नाश्ता ट्राई कर सकते हैं। इसे भाप में पकाया जाता है, जिससे यह काफी सॉफ्ट और हल्का बनता है।इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें बहुत कम तेल का इस्तेमाल होता है। इसे आप नारियल, टमाटर या अपनी पसंद की किसी भी चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं।
सबसे पहले तैयार करें सूजी और दही का बैटर
एक मिक्सी जार में 1 कप सूजी, आधा कप दही और आधा कप पानी डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह पीसकर स्मूथ बैटर तैयार कर लें।
बैटर को एक बाउल में निकाल लें। मिक्सी जार में अगर बैटर थोड़ा बच गया है, तो उसमें करीब 1/4 कप पानी डालकर हिलाएं और इसे भी बैटर में मिला दें।
मसाले और तेल डालें
अब बैटर में 1 छोटा चम्मच जीरा, स्वादानुसार नमक, 1 छोटा चम्मच पिसी चीनी और 1 चम्मच तेल डालें।
सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाने के बाद बैटर को ढककर कुछ देर के लिए रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह सेट हो सके।
ईनो डालकर तुरंत करें स्टीम
जिस थाली में नाश्ता पकाना है, उसे हल्के तेल से ग्रीस कर लें।
अब तैयार बैटर में आधा चम्मच ईनो डालें और उसके ऊपर करीब आधा चम्मच पानी डालकर हल्के हाथ से मिला दें। ईनो डालने के बाद बैटर को ज्यादा देर न रखें और तुरंत ग्रीस की हुई थाली में डाल दें।
15 मिनट तक भाप में पकाएं
एक कड़ाही में करीब दो गिलास पानी डालें और उसके अंदर एक स्टैंड रख दें। पानी उबलने लगे तो बैटर वाली थाली को स्टैंड के ऊपर रख दें।
कड़ाही को ढककर मध्यम आंच पर करीब 15 मिनट तक स्टीम करें। इसके बाद गैस बंद कर दें और थाली को बाहर निकालकर थोड़ा ठंडा होने दें।
मनपसंद आकार में काटें
नाश्ता ठंडा होने के बाद इसे चाकू की मदद से तिकोने या छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इसे ऐसे ही चटनी के साथ भी खाया जा सकता है। भाप में पकने की वजह से यह नाश्ता सॉफ्ट और हल्का रहता है।
क्रिस्पी स्वाद के लिए तवे पर सेकें
अगर आपको नाश्ता थोड़ा कुरकुरा पसंद है, तो तवे पर हल्का सा तेल लगाकर इन टुकड़ों को दोनों तरफ से सेक सकते हैं।
जब दोनों तरफ हल्के गोल्डन स्पॉट्स नजर आने लगें, तो इन्हें तवे से उतार लें। अब इसे नारियल की चटनी, टमाटर की चटनी या खट्टी-मीठी चटनी के साथ गर्मागर्म सर्व करें।
कम तेल में बनने वाला यह सूजी-दही नाश्ता रोज के नाश्ते में एक आसान बदलाव हो सकता है और इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता।