जानिए क्या कुत्तों को भी हो सकती है डिमेंशिया की बीमारी
क्या आप जानते हैं, कुत्तों को भी डिमेंशिया होता है। हालांकि इस बात का पता लगाना थोड़ा मुश्किल होता है।
जनता से रिश्ता वेबडेस्क। क्या आप जानते हैं, कुत्तों को भी डिमेंशिया होता है। हालांकि इस बात का पता लगाना थोड़ा मुश्किल होता है। डॉग एजिंग प्रोजेक्ट के तहत अमेरिका में 15 हजार से अधिक कुत्तों पर हुए शोध से पता चलता है कि यह खासकर 10 साल से अधिक उम्र के कुत्तों में आम है। हम आपको कुछ ऐसे लक्षण बता रहे हैं, जिसके आधार पर आप पालतू कुत्ते के व्यवहार में बदलाव महसूस कर समय पर अपने पशु चिकित्सक से सलाह ले सकते हैं।
कुत्तों में डिमेंशिया क्या है?
डिमेंशिया या कैनाइन कॉग्निटिव डिस्फंक्शन, मनुष्यों में होने वाले अल्जाइमर रोग की तरह है। दिमाग से संबंधित यह रोग व्यावहारिक, किसी चीज समझने की शक्ति में बदलाव तथा अन्य परिवर्तन से जुड़ा है। यह आमतौर पर 8 साल से अधिक उम्र के कुत्तों में होता है, लेकिन छह साल से कम उम्र के कुत्तों में भी हो सकता है। पालतू जानवरों के मालिक व्यवहार से संबंधित कई परिवर्तनों को खारिज कर देते हैं। पशु चिकित्सकों के लिए भी रोग की पहचान मुश्किल होती है क्योंकि इसके लिए कोई जांच नहीं है और मनुष्यों की तरह ही उम्रदराज कुत्तों में कई अन्य स्वास्थ्य समस्याएं होने की संभावना होती है।
क्या मेरे कुत्ते को डिमेंशिया है?
डिमेंशिया वाले कुत्ते अक्सर घर के पिछले हिस्से या घर में ही खो जाते हैं। वे फर्नीचर के पीछे या कमरे के कोनों में फंस जाते हैं, क्योंकि वे भूल जाते हैं कि पीछे हटकर भी इससे निकला जा सकता है। वे अपने मालिकों से पहले की तुलना में कम या ज्यादा प्यार मांग सकते हैं, या घर में दूसरे कुत्ते के साथ क्रोध दिखाना शुरू कर देते हैं। वे उन चेहरों को भी भूल जाते हैं जिन्हें वे अब तक पहचानते रहे हैं। वे दिन में अधिक सोते हैं और रात में अधिक जगते हैं। वे बिना वजह कराह या भौंक सकते हैं।
शोध में क्या पाया गया
अमेरिकी शोधकर्ताओं ने 'डॉग एजिंग प्रोजेक्ट' के तहत 15,000 से अधिक कुत्तों पर अध्ययन किया। शोधकर्ताओं ने पालतू कुत्ते के मालिकों से दो सर्वेक्षण में हिस्स लेने को कहा। एक में कुत्तों, उनके स्वास्थ्य की स्थिति और शारीरिक गतिविधियों के बारे में पूछा गया था, तथा दूसरे में कुत्तों के सोचने समझने की शक्ति का आकलन किया गया। आंकड़ों से पता चला कि करीब 1.4 प्रतिशत कुत्तों में केनाइन कॉग्निटिव डिस्फंक्शन बीमारी है। दस साल से अधिक उम्र के कुत्तों के लिए इस बीमारी का खतरा 50 प्रतिशत से अधिक बढ़ जाता है। कम सक्रिय कुत्तों में डिमेंशिया होने की संभावना लगभग 6.5 गुना अधिक थी।
मुझे लगता है कि मेरे कुत्ते को डिमेंशिया है, अब क्या?
कुछ दवाएं हैं जो कुत्ते में डिमेंशिया को कम करने में मदद कर सकती हैं। व्यायाम लोगों में मनोभ्रंश के जोखिम को कम कर सकता है। इसलिए कुत्तों को टहलाने से भी उन्हें इसमें मदद मिलती है। इसलिए, यदि आपको लगता है कि आपका कुत्ता इससे प्रभावित है, तो अपने पशु चिकित्सक से परामर्श करें। दुर्भाग्य से इसका कोई इलाज नहीं है।