Kaddu ki Sabji Recipe: हम आपके लिए एक ऐसी ही सब्जी की रेसिपी लेकर आए हैं, जिसे आप आसानी से पचा सकेंगे. यह सब्जी सिंपल, कम मसाले वाली, लेकिन बेहद टेस्टी और हेल्दी लगेगी आपको. हम बात कर रहे हैं कद्दू की सब्जी या सीताफल की सब्जी की. त्योहारों में इस सब्जी का खूब सेवन किया जाता है. कद्दू की सब्जी आप रात में चावल, पूड़ी, पराठा या फिर रोटी के साथ खा सकते हैं. तो चलिए जान लेते हैं कद्दू की सब्जी बनाने के लिए सामग्री और इसकी रेसिपी के बारे में.
कद्दू की सब्जी बनाने के लिए आपको चाहिए:
कद्दू- 1/2 किलो
अदरक- बारीक कटा हुआ
मेथी- एक छोटा चम्मच
हरी मिर्च- 2 कटी हुई
हींग- चुटकी भर
नमक- स्वादानुसार
तेल- 2 चम्मच
चीनी- 1 चम्मच
मिर्च पाउडर- आधा चम्मच
हल्दी पाउडर- आधा चम्मच
धनिया पाउडर- आधा चम्मच
गरम मसाला- आधा चम्मच
अमचूर पाउडर- 1 छोटा चम्मच
जीरा- 1/4 चम्मच, धनिया पत्ती
सबसे पहले आप कद्दू को साफ करके छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. कड़ाही में तेल डालकर गर्म करें. इसमें मेथी और जीरा डालकर कुछ सेकेंड के लिए चलाएं. चटक जाए तो इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक डालकर आधा मिनट के लिए भूनें. अब इसमें कटे हुए कद्दू या सीताफल भी डाल दें. थोड़ी देर के लिए कद्दू को भूनें. गोल्डन ब्राउन का हो जाए तो इसमें सभी मसाले जैसे हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला डाल दें और सब्जी को लाल होने तक फ्राई करें. अब इसमें चीनी डाल दें और चलाएं. नमक, हींग डालकर चलाएं और कम आंच पर ढक कर पकाएं. बीच-बीच में चलाते रहें. अंत में अमचूर पाउडर डालकर एक मिनट भूनें. आप इसे ड्राई या फिर ग्रेवी वाला भी बना सकते हैं. ग्रेवी वाली कद्दू की सब्जी बनाने के लिए इसमें थोड़ा सा पानी डाल दें. हरी धनिया पत्ती काटकर डालें. तैयार है टेस्टी, तीखी और चटपटी कद्दू की सब्जी. इसे गर्म ही रोटी, पराठा, चावल के साथ खाएं|