“प्यार किया तो पीछे क्यों हटूं…” Gaurav Khanna

Update: 2026-06-30 14:24 GMT

मनोरंजन: टीवी इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता गौरव खन्ना और उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला इन दिनों अपने कथित तलाक को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में रियलिटी शो ‘लॉक अप सीजन 2’ में आकांक्षा चमोला ने खुलासा किया था कि दोनों पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं और अब अलग होने का फैसला कर चुके हैं। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर हलचल मच गई और फैंस भी हैरान रह गए। अब इस पूरे मामले पर पहली बार गौरव खन्ना का बयान सामने आया है। गौरव हाल ही में स्टंट शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ की शूटिंग पूरी करने के बाद ‘लाफ्टर शेफ्स’ के सेट पर नजर आए, जहां मीडिया ने उनसे इस मुद्दे पर सवाल किया। इस दौरान गौरव ने बेहद शांत और मुस्कुराते हुए जवाब दिया।

उन्होंने कहा कि उनकी भावनाएं आज भी वैसी ही हैं जैसी पहले थीं। गौरव ने कहा, “बस यार, वही हाल है जो पहले था। प्यार अभी भी उतना ही है, सपोर्ट अभी भी उतना ही है। मैं तो हमेशा आकांक्षा को सपोर्ट करूंगा, मेरी बीवी है यार। प्यार किया तो पीछे क्यों हटूं।” उनके इस बयान ने तुरंत ही सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर लीं। गौरव ने आगे कहा कि वह आकांक्षा के हर फैसले का सम्मान करते हैं और हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा, “आकांक्षा को जिंदगी के लिए ऑल द बेस्ट। मैं हमेशा उसके साथ खड़ा हूं। वह शो (लॉक अप) अच्छे से खेले और जीतकर आए।”

दूसरी ओर, ‘लॉक अप 2’ में आकांक्षा चमोला ने अपने रिश्ते को लेकर भावुक होकर खुलासा किया था कि उनके अलग होने की असली वजह उनकी सोच में अंतर है। आकांक्षा ने बताया कि वह कभी भी मां नहीं बनना चाहती थीं और उन्हें बच्चे नहीं चाहिए थे। शुरुआत में गौरव इस फैसले से सहमत थे, लेकिन समय के साथ उनकी सोच बदल गई और वह बच्चा चाहते हैं। आकांक्षा ने कहा था, “जब मुझे समझ आया कि मैं मां बनने के लिए तैयार नहीं हूं, तो मैंने गौरव से साफ कह दिया कि अगर वह इस वजह से मुझे छोड़ना चाहते हैं, तो वह समझ सकती हैं।”

गौरव के इस बयान के बाद फैंस दो हिस्सों में बंट गए हैं। कुछ लोगों ने उनकी भावनाओं की तारीफ करते हुए उन्हें अच्छा पति बताया, जबकि कुछ ने उनके चेहरे के पीछे छिपे दर्द की बात कही। वहीं कुछ यूजर्स का मानना है कि यह पूरी स्थिति कैमरे के लिए कही गई बात हो सकती है। फिलहाल दोनों की तरफ से रिश्ते को लेकर कोई अंतिम और आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है और फैंस उनकी निजी जिंदगी को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

Tags:    

Similar News