How to make Paneer Jalebi: पनीर जलेबी को बनाना भी आसान है और इसमें डाली जाने वाली सभी सामग्री आपको आसानी से मिल जाएगी. आप इसे त्योहारों पर भी बना सकते हैं. अभी जनमाष्टमी भी आने वाली है. ऐसे में आप पनीर जलेबी को ट्राई कर सकते हैं. इसकी रेसिपी शेयर की है अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने.
शेफ पंकज के अनुसार, पनीर जलेबी एक पारंपरिक बंगाली मिठाई है, जिसे छेना जिलिपी (chanar jilipi) के नाम से जाना जाता है. पनीर और मैदे का गाढ़ा घोल तैयार किया जाता है. फिर इसे हल्के गर्म तेल में पाईप करके डाला जाता है और जलेबी की तरह चीनी की चाशनी में डुबोया जाता है. यह एक जल्दी और आसानी से बनने वाली रेसिपी है, जो दिखने में सुंदर और स्वाद में लाजवाब होती है. आप इसे किसी भी त्योहार पर या किसी भी खास मौके पर बना सकते हैं.
पनीर जलेबी
तैयारी का समय: 20 मिनट
पकाने का समय: 20 मिनट
सर्विंग: 3-4 लोगों के लिए
पनीर जलेबी बनाने के लिए सामग्री:
पनीर जलेबी के बैटर के लिए
पनीर – 250 ग्राम
मैदा – 1 कप
बेकिंग पाउडर – ½ छोटा चम्मच
कॉर्न फ्लोर – 3 बड़े चम्मच
लाल-नारंगी फूड कलर – चुटकी भर
दूध – 4 बड़े चम्मच
चाशनी के लिए
चीनी – 1 कप
पानी – 1 कप
केसर – 10 रेशे
नींबू का रस – कुछ बूंदें
इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
अन्य:
तलने के लिए तेल
सजावट के लिए पिस्ता के पतले टुकड़े
पनीर जलेबी बनाने की विधि:
चाशनी तैयार करें: एक पैन में चीनी, पानी और नींबू के रस की कुछ बूंदें डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें. इसे हिलाते रहें, जब तक चीनी घुलकर उबलने न लगे. उबलने के बाद फिर से कुछ बूंदें नींबू का रस डालें ताकि चाशनी साफ हो जाए. इसमें केसर और इलायची पाउडर डालें. आंच धीमी करें और 7-8 मिनट तक पकने दें|
मिक्सर जार में पनीर को तोड़कर डालें और बिना पानी डाले स्मूथ पेस्ट बना लें. इसमें मैदा, बेकिंग पाउडर, कॉर्न फ्लोर, फूड कलर और थोड़े-थोड़े करके दूध डालें.अच्छी तरह ब्लेंड करके स्मूद और फूला हुआ बैटर तैयार करें|
पाईपिंग बैग में स्टार नोज़ल या राउंड नोज़ल फिट करें और इसमें बैटर भर लें. एक पैन में मध्यम आंच पर तेल गर्म करें. पाईपिंग बैग दबाकर गोल-गोल घुमाते हुए स्पाइरल आकार में जलेबी डालें. नीचे से सुनहरी और कुरकुरी होने पर पलटें और दूसरी तरफ भी पकाएं|
चाशनी में डालें:
गर्म जलेबियों को ठंडी हुई चाशनी में 2 मिनट के लिए डुबोकर रखें. निकालकर प्लेट में रखें, पिस्ता से सजाएं और परोसें|