Gujiya Recipe: घर पर बनी हुई गुजिया का स्वाद कुछ अलग ही होता है. आप इस बार घर पर टेस्टी और क्रिस्पी गुजिया बनाना चाहते हैं, तो ये आसान रेसिपी आपके लिए हो सकती है बेस्ट|
गुजिया बनाने के लिए जरूरी सामान
आटे के लिए
2 कप मैदा (अपने जरूरत के हिसाब से कम या ज्यादा ले सकते हैं.)
4 बड़े चम्मच घी
जरूरत के अनुसार पानी
फिलिंग के लिए
1 कप मावा (खोया)
½ कप पिसी हुई चीनी
2 बड़े चम्मच सूजी
2 बड़े चम्मच नारियल पाउडर
½ छोटी चम्मच इलायची पाउडर
2 बड़े चम्मच कटे हुए ड्राई फ्रूट्स (बादाम, काजू, किशमिश)
तलने के लिए जरूरत के अनुसार घी या तेल
स्टेप-बाय-स्टेप गुजिया बनाने की विधि
मैदा को एक बड़े बर्तन में लें, उसमें घी डालकर अच्छे से मिक्स करें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें और इसे 20 मिनट के लिए ढककर रख दें.
एक पैन में सूजी को हल्का भून लें. फिर इसमें मावा डालकर धीमी आंच पर भूनें जब तक वह हल्का सुनहरा न हो जाए. अब इसमें नारियल बूरा, इलायची पाउडर, कटे हुए ड्राई फ्रूट्स और पिसी हुई चीनी मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें.
गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और हल्की पतली पूड़ी बेल लें. इसमें 1-2 चम्मच भरावन भरें, किनारों पर पानी लगाएं और आधा मोड़कर दबा दें. गुजिया सांचे का इस्तेमाल कर सकते हैं या कांटे (फोर्क) से किनारों पर डिजाइन बना सकते हैं.
कढ़ाई में घी गरम करें और मीडियम फ्लेम पर गुजिया को गोल्डन ब्राउन होने तक तल लें. इन्हें टिशू पेपर पर निकाल लें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए.
गुजिया बनाने के लिए टिप्स
आटा टाइट गूंथें, इससे गुजिया क्रिस्पी बनेगी.
भरावन में ज्यादा चीनी न डालें, वरना तली हुई गुजिया जल्दी नरम पड़ सकती है.
तलते समय आंच ज्यादा तेज न रखें, वरना गुजिया अंदर से कच्ची रह सकती है.
पूरी तरह ठंडा होने के बाद एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करें, जिससे ये 10-15 दिन तक फ्रेश बनी रहे|