Gobhi Tawa Fry Recipe: फूलगोभी को लेकर ज्यादातर घरों में एक या दो ही तरह की रेसिपी दोहराई जाती है, लेकिन अब किचन ट्रेंड बदल रहा है. सिंपल गोभी को भी तवे पर मसालेदार, क्रिस्पी और हाई-फ्लेवर डिश में बदला जा सकता है और वह है गोभी तवा फ्राइ की स्वादिष्ट रेसिपी. यह रेसिपी उन लोगों के लिए खास है जो डीप फ्राई से बचना चाहते हैं, लेकिन टेस्ट में कोई समझौता नहीं करते. शादी – पार्टी में ये रेसिपी काफी पसंद की जाती हैं|
गोभी तवा फ्राइ बनाने के लिए आवश्यक सामग्री:
1 मध्यम फूलगोभी (टुकड़ों में कटी)
2 बड़े चम्मच बेसन
1 बड़ा चम्मच चावल का आटा
1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
½ छोटा चम्मच हल्दी
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
½ छोटा चम्मच गरम मसाला
नमक स्वादानुसार
1 छोटा चम्मच नींबू रस
2–3 बड़े चम्मच तेल
गोभी तवा फ्राइ बनाने की रेसिपी:
सबसे पहले गोभी के टुकड़ों को नमक मिले गरम पानी में 5 मिनट डालकर रखें, फिर निकालकर सुखा लें. इससे गोभी साफ भी होगी और पकने में आसान रहेगी. एक बाउल में बेसन, चावल का आटा, सभी मसाले, अदरक-लहसुन पेस्ट और नींबू रस मिलाएं. थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा मसाला घोल तैयार करें. अब गोभी के टुकड़ों को इसमें डालकर अच्छी तरह कोट करें. तवा गरम करें और उस पर हल्का तेल फैलाएं. मसाला लगी गोभी को तवे पर फैलाकर मध्यम आंच पर सेकें. बीच-बीच में पलटते रहें ताकि सभी तरफ से समान रूप से कुरकुरी हो जाए.जब टुकड़े सुनहरे और क्रिस्पी दिखने लगें, तो उतार लें. चाट मसाला डालकर गर्मागर्म सर्व करें|