Besan ki Roti or Chutney : मुगलई स्टाइल में चटनी के साथ बेसन की रोटी का स्वाद लाजवाब होता है
Besan ki Roti or Chutney : बेसन की रोटी को अमूमन लहसुन की चटनी के साथ खाया जाता है लेकिन रॉयल मुगलिया स्टाइल में बनने वाली इस रोटी और इसके लवाजमों की बात ही अलग है। बेसन की रोटी को तरह-तरह की चटनियों के साथ खाया जाता है। इसमें चटनियों के अलावा कैरी का अचार और सादा दही शामिल होता है। इन तमाम लवाजमों के साथ बेसन की रोटी को खाने का अपना एक अलग मजा है। इस बरसात आप बेसन की रोटी को पांच तरह की चटनियों के साथ खाकर देखें, यक़ीनन आपको ये स्वाद बेहद पसंद आएगा।
बेसन की रोटी:
सामग्री:
बेसन-1 कप
गेहूं का आटा-1 कप
जीरा-1 चम्मच
नमक-1 चम्मच
बारीक कटी हरी मिर्च-1
लाल मिर्च पाउडर-1 चम्मच
हींग-1 चुटकी
अजवाइन-1/2 छोटा चम्मच
घी या मक्खन- जरुरत के अनुसार
सबसे पहले गेहूं और आटे को एक सार कर लें। इसके बाद इसमें हरी मिर्च, जीरा, नमक और दूसरे मसाले मिलाकर आटे को गूंथ लें।
आपको आटा न बहुत टाइट रखना है और न ही नर्म गूंथना। आटा लगाने के बाद आप इसे पंद्रह मिनट सैट होने के लिए रख दें।
अब इस आटे की रोटिया बेलकर देसी घी या मक्खन जो भी आपको पसंद हो लगा लें।
यह रोटी गर्म ही अच्छी लगती है। इसे हल्की आंच पर करारी सेंकें।
आम की चटनी:
सामग्री:
आम पके-2 मीडियम साइज के
जीरा-पिसा और भुना 1 चम्मच
काला नमक- 1 चुटकी
घी-1 छोटा चम्मच बघार के लिए
सबसे पहले एक कटोरी में आम के रस को निकाल लें।
चम्मच की सहायता से इसे फेंट लें।
अब गैस पर कढ़ाही रख दें। इसमें घी गर्म कर आम रस को डालें।
इस आम रस में नमक और जीरा डालकर मिलाएं।
तैयार है आपकी आम की चटनी। इसे ठंडा करने के लिए फ्रिज में रख दें और गर्मागर्म बेसन की रोटी के साथ इसका लुफ्त उठाएं।