New Delhi नई दिल्ली : बेहतर स्वास्थ्य के लिए सिर्फ अच्छी डाइट और नियमित व्यायाम ही जरूरी नहीं होते, बल्कि रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतें भी शरीर को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाती हैं। आयुर्वेद में ऐसी कई परंपरागत विधियां बताई गई हैं, जो शरीर को आराम देने के साथ कई स्वास्थ्य लाभ पहुंचा सकती हैं। इन्हीं में से एक है रात को सोने से पहले पैरों की मालिश करना।
आयुर्वेद के अनुसार, अगर रोजाना रात में सिर्फ दो मिनट पैरों के तलवों की गर्म तेल से मालिश की जाए तो इससे शरीर और मन दोनों को आराम मिल सकता है। पैरों की मालिश न सिर्फ थकान दूर करने में मदद करती है, बल्कि नींद बेहतर करने, तनाव कम करने और मांसपेशियों को आराम देने में भी सहायक मानी जाती है।
बेहतर नींद में मददगार
दिनभर शरीर का भार उठाने वाले पैरों में कई नसों का संपर्क होता है। जब रात में गर्म तेल से पैरों की हल्की मालिश की जाती है तो शरीर का पैरासिम्पेथेटिक सिस्टम सक्रिय होने में मदद मिलती है। इससे दिमाग शांत होता है और शरीर आराम की स्थिति में पहुंचता है। यही कारण है कि कई लोगों को पैरों की मालिश के बाद गहरी और अच्छी नींद आने का अनुभव होता है।
तनाव और मानसिक थकान में राहत
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव एक आम समस्या बन गया है। लगातार काम और मानसिक दबाव के कारण दिमाग को आराम नहीं मिल पाता। विशेषज्ञों के अनुसार, पैरों की मालिश करने से नसें रिलैक्स होती हैं, जिससे मानसिक तनाव कम महसूस हो सकता है। यह शरीर और दिमाग को शांत करने में मदद करती है।
शरीर में वात संतुलन बनाए रखने में सहायक
आयुर्वेदिक डॉक्टर मनीषा मिश्रा के अनुसार, नियमित रूप से गर्म तेल से तलवों की मालिश करने से शरीर में वात दोष को संतुलित करने में मदद मिल सकती है। आयुर्वेद में वात को शरीर की कई गतिविधियों से जुड़ा माना जाता है। पैरों की मालिश से नसों को आराम मिलता है और शरीर में संतुलन बनाए रखने में सहायता मिलती है।
ब्लड प्रेशर में मिल सकती है राहत
पैरों के तलवों में कई दबाव बिंदु मौजूद होते हैं। मालिश के दौरान इन बिंदुओं पर हल्का दबाव पड़ता है, जिससे शरीर को आराम मिल सकता है। कुछ अध्ययनों में भी यह सामने आया है कि आराम देने वाली मालिश से सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में कुछ मदद मिल सकती है। हालांकि, हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को किसी भी उपचार के लिए डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।
सूजन और इंफ्लेमेशन कम करने में मदद
जिन लोगों के पैरों में सूजन या पानी जमा होने की समस्या रहती है, उनके लिए हल्की मालिश आरामदायक हो सकती है। पैरों में होने वाली थकान और भारीपन को कम करने में भी यह मदद कर सकती है। गर्भवती महिलाओं और कुछ मरीजों को पैरों की सूजन में राहत के लिए मालिश की सलाह दी जाती है, लेकिन ऐसी स्थिति में डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
एड़ी के दर्द में राहत
एड़ी के दर्द से परेशान लोगों के लिए भी तलवों की मालिश फायदेमंद हो सकती है। प्लांटर फेशिया में खिंचाव या सूजन के कारण होने वाले दर्द में नियमित मालिश से कुछ राहत मिल सकती है। जिन लोगों के पैरों का आर्च कमजोर होता है, उन्हें भी पैरों की देखभाल से फायदा मिल सकता है।
हालांकि, पैरों की मालिश करते समय कुछ सावधानियां रखना जरूरी है। बहुत ज्यादा दबाव डालकर मालिश नहीं करनी चाहिए। अगर पैर में गंभीर चोट, संक्रमण, फ्रैक्चर या कोई बड़ी स्वास्थ्य समस्या है तो विशेषज्ञ की सलाह के बाद ही मालिश करें। सही तरीके से की गई हल्की मालिश शरीर को आराम देने वाली एक आसान और प्राकृतिक आदत साबित हो सकती है।