लाइफ स्टाइल : बरसात के मौसम में उमस भरी गर्मी से राहत पाने के लिए लोग एयर कंडीशनर का जमकर इस्तेमाल करते हैं। एसी कुछ ही समय में कमरे को ठंडा कर आराम पहुंचाता है, लेकिन कई बार ऐसा होता है कि एसी घंटों चलने के बाद भी कमरे में पर्याप्त ठंडक महसूस नहीं होती। ऐसी स्थिति में लोग अक्सर एसी का फिल्टर साफ करते हैं, टेंपरेचर कम-ज्यादा करते हैं या फिर जाली की सफाई कर लेते हैं, लेकिन कई बार असली समस्या एसी की गैस या कंप्रेसर में छिपी होती है।
अगर एसी की रेफ्रिजरेंट गैस लीक हो रही है या कंप्रेसर में कोई खराबी आ गई है तो एसी सही तरीके से कूलिंग नहीं कर पाएगा। ऐसे में जरूरी है कि समय रहते समस्या को पहचान लिया जाए, ताकि बड़ी खराबी से बचा जा सके।
AC की गैस खत्म नहीं होती, लीक होने पर आती है समस्या
बहुत से लोगों को लगता है कि एसी की गैस कुछ समय बाद अपने आप खत्म हो जाती है, लेकिन ऐसा नहीं होता। एसी में इस्तेमाल होने वाली रेफ्रिजरेंट गैस सामान्य स्थिति में खत्म नहीं होती। अगर गैस का स्तर कम हो रहा है तो इसका मतलब है कि कहीं न कहीं लीकेज की समस्या है।
समय के साथ एसी की कॉपर पाइप में नमी, धूल और केमिकल के असर से छोटे-छोटे छेद हो सकते हैं। इन छेदों के कारण धीरे-धीरे गैस बाहर निकलने लगती है। इसके अलावा कॉइल में जंग लगने, धूल जमा होने या मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट के कारण भी गैस लीक हो सकती है। पुराने एसी में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है।
गैस लीक होने के संकेत कैसे पहचानें
गर्म हवा की जगह आने लगे ठंडी हवा
एसी के आउटडोर यूनिट यानी कंप्रेसर के पास से आमतौर पर गर्म हवा बाहर निकलती है। यह प्रक्रिया एसी के सामान्य काम करने का हिस्सा है। लेकिन अगर गैस लीक हो रही है तो आउटडोर यूनिट से निकलने वाली हवा में बदलाव दिखाई दे सकता है। कई बार वहां से गर्म हवा की जगह ठंडी हवा आने लगती है। यह संकेत हो सकता है कि एसी की गैस कम हो रही है या लीकेज की समस्या है।
कमरे में नहीं हो रही सही कूलिंग
अगर एसी पहले की तुलना में कम ठंडक दे रहा है और टेंपरेचर कम करने के बाद भी कमरा जल्दी ठंडा नहीं हो रहा है तो इसकी वजह गैस की कमी हो सकती है। एसी लगातार चलता रहता है, बिजली की खपत भी बढ़ती है, लेकिन कमरे का तापमान कम नहीं हो पाता। ऐसी स्थिति में एसी की गैस और अन्य पार्ट्स की जांच करवानी चाहिए।
इंडोर यूनिट की कॉइल पर जमने लगे बर्फ
एसी में गैस कम होने का एक बड़ा संकेत इंडोर यूनिट की कॉइल पर बर्फ जमना है। जब रेफ्रिजरेंट का स्तर कम हो जाता है तो इवैपोरेटर कॉइल का तापमान जरूरत से ज्यादा नीचे चला जाता है। इसके कारण कॉइल या कॉपर पाइप पर बर्फ जमने लगती है।
अगर एसी चलाते समय कॉइल पर बर्फ दिखाई दे तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। लगातार बर्फ जमने से एसी के दूसरे हिस्सों पर भी दबाव पड़ सकता है और बड़ी खराबी आ सकती है।
कंप्रेसर की समस्या भी हो सकती है कारण
कई बार एसी में ठंडक नहीं आने की वजह सिर्फ गैस लीक नहीं होती, बल्कि कंप्रेसर में खराबी भी हो सकती है। कंप्रेसर एसी का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होता है, जो रेफ्रिजरेंट को सर्कुलेट करने का काम करता है। अगर कंप्रेसर सही तरीके से काम नहीं कर रहा है तो एसी ठंडी हवा नहीं दे पाएगा।
कंप्रेसर की खराबी के संकेतों में तेज आवाज आना, एसी का बार-बार बंद होना या आउटडोर यूनिट का सही तरीके से काम नहीं करना शामिल हो सकता है।
समय पर कराएं जांच और सर्विस
एसी की कूलिंग कम होने पर सिर्फ गैस भरवाना ही समाधान नहीं है। सबसे पहले लीकेज की जगह का पता लगाना जरूरी होता है। बिना लीकेज ठीक किए गैस भरवाने से कुछ समय बाद समस्या फिर वापस आ सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, एसी की नियमित सर्विस कराना जरूरी है। फिल्टर की सफाई, कॉइल की जांच और समय-समय पर तकनीकी जांच कराने से एसी बेहतर तरीके से काम करता है और बिजली की खपत भी कम होती है।
अगर आपका एसी लगातार चलने के बाद भी कमरा ठंडा नहीं कर रहा है, कॉइल पर बर्फ जम रही है या कूलिंग पहले जैसी नहीं रही है तो इसे नजरअंदाज न करें। समय पर जांच कराने से एसी की बड़ी खराबी और महंगे खर्च से बचा जा सकता है।