कुल्लू। जिला लाहुल-स्पीति में ग्रांफू से लोसर मार्ग पर मंगलवार से वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जिला प्रशासन ने आदेश जारी किए हैं। जिला लाहुल-स्पीति में शीत ऋतु के दौरान ऊपरी क्षेत्रों तथा कुंजुम दर्रे में बढ़ती ठंड लगातार बर्फबारी तथा सडक़ों पर ब्लैक आइसिंग की गंभीर स्थिति को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि रखते हुए जिला प्रशासन ने आवश्यक प्रशासनिक निर्णय लिया है। उपायुक्त लाहुल-स्पीति एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण किरण भड़ाना ने 21 नवंबर को ही निर्देश जारी किए गए हैं कि ग्रांफू से लोसर राष्ट्रीय राजमार्ग 505 मार्ग पर 25 नवंबर 2025 से अगले आदेश तक सभी प्रकार का यातायात पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। शीतकाल में इस मार्ग पर भारी बर्फबारी एवं ब्लैक आइसिंग के कारण वाहन फिसलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिससे यात्रियों की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न होता है।
अतीत में कई बार फंसे यात्रियों को बचाने के दौरान राहत एवं बचाव दल को अत्यंत जोखिमपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है। इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। उपायुक्त ने समस्त नागरिकों, पर्यटकों एवं स्थानीय निवासियों से अपील करता है कि वे इन क्षेत्रों की यात्रा का जोखिम न लें, अनावश्यक आवाजाही से बचें तथा प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी एडवाइजरी का पालन करें। आदेश का उल्लंघन आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 51 के अंतर्गत दंडनीय है, जिसके तहत एक वर्ष तक के कारावास,जुर्माना अथवा दोनों का प्रावधान है।