खुशखबरीः हॉकी के राष्ट्रीय कैंप के लिए झारखंड के तीन खिलाड़ी चयनित, बेंगलुरु कैम्प में लेंगे भाग

एक दशक से भी अधिक समय के अंतराल के बाद झारखंड के तीन पुरुष हॉकी खिलाड़ी एक साथ इंडिया कैंप में शामिल होंगे।

Update: 2022-02-09 04:29 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। एक दशक से भी अधिक समय के अंतराल के बाद झारखंड के तीन पुरुष हॉकी खिलाड़ी एक साथ इंडिया कैंप में शामिल होंगे। 14 फरवरी से 31 मार्च तक बेंगलुरु में आयोजित होनेवाले जूनियर भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कैंप में भाग लेने के लिए राज्य के तीन खिलाड़ियों को चुना गया है। ये खिलाड़ी असीम तिर्की, डेनिस केरकेट्टा और बिरसा ओडेया हैं। असीम और डेनिस सिमडेगा जिले के खिलाड़ी हैं, जबकि बिरसा खूंटी से हैं।

हॉकी झारखंड के सीईओ रजनीश कुमार ने बताया कि हॉकी इंडिया की ओर से कैंप में देशभर से 65 खिलाड़ियों को बुलाया गया है अंतिम टीम बाद में चुनी जाएगी। कैंप के बाद इनका ट्रायल लिया जाएगा। बेहतर करनेवाले 37 खिलाड़ियों के लिए कैंप जारी रहेगा।
2016 में अभय थे राष्ट्रीय टीम में हॉकी
झारखंड के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने बताया कि 2016 में झारखंड के अभय एक्का भारतीय सीनियर टीम में शामिल किए गए थे। 2019 में पंकज रजक जूनियर टीम में शामिल थे। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद पुरुष हॉकी में झारखंड के तीन खिलाड़ियों को कैंप में शामिल किया गया है।
गुमला आवासीय सेंटर के प्रशिक्षु
तीनों खिलाड़ी राज्य सरकार के गुमला आवासीय हॉकी सेंटर के प्रशिक्षु रहे हैं। 2019 में ये खिलाड़ी रांची में स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आए।पर कोविड के कारण अभ्यास का मौका नहीं मिला। खिलाड़ियों ने बताया कि लॉकडाउन में व बाद में भी सिमडेगा में श्रमदान कर बनाए गए मैदान में गांव के खिलाड़ियों के साथ ही अभ्यास किया। खास बात है कि गुमला में प्रशिक्षण केंद्र में इन तीनों खिलाड़ियों को स्थायी कोच नहीं मिला। 2019 से पहले तक सरकार के इस सेंटर में कोई स्थायी कोच नहीं था। खिलाड़ियों के चयन पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, उपाध्यक्ष शशिकांत प्रसाद, महासचिव विजय शंकर सिंह, सीईओ रजनीश कुमार, मनोज कोनबेगी आदि ने बधाई दी है।
Tags:    

Similar News

-->