न्यूयॉर्क सिटी के मेयर पद के चुनाव के उम्मीदवार जोहरान ममदानी ने युगांडा में एक निजी समारोह में शादी कर ली. शादी का यह समारोह बेहद गोपनीय रहा. इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए.
युगांडा में ममदानी की शादी के समारोह स्थल पर सैन्य स्तर की सुरक्षा व्यवस्था थी. ममदानी के घर पर स्पेशल फोर्स यूनिट के 20 से ज्यादा गार्ड्स ने सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा थामा. समारोह स्थल की सुरक्षा में तैनात गार्ड्स ने मास्क पहने हुए थे. आयोजन स्थल पर मोबाइल फोन जैमर लगाए गए थे ताकि शादी में शामिल कोई भी शख्स किसी भी तरह की तस्वीर या वीडियो शेयर नहीं कर सके.
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, युगांडा में ममदानी के परिवार के लग्जरी एस्टेट में तीन दिनों तक शादी का सेलिब्रेशन हुआ. 33 साल के ममदानी ने 27 साल की एनिमेटर आर्टिस्ट रमा दुवाजी से इस साल की शुरुआत में न्यूयॉर्क में शादी की थी. लेकिन युगांडा की राजधानी कम्पाला में हुई इस शादी में परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए.
ममदानी और रमा डेटिंग ऐप हिंज पर एक दूसरे से मिले थे. दोनों ने इसी साल न्यूयॉर्क सिटी में शादी की थी. इससे पहले 2024 में दोनों ने दुबई में सगाई की थी. वह न्यूयॉर्क के लिए 2025 के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार हैं. उन्होंने जून 2025 में डेमोक्रेटिक प्राइमरी चुनाव में जीत हासिल की, जिसमें उन्होंने पूर्व गवर्नर एंड्रयू क्यूमो को हराया था.