मुंबई: रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' के वीकेंड का वार एपिसोड में इस बार जबरदस्त ड्रामा देखने को मिला। बॉलीवुड अभिनेता और शो के होस्ट सलमान खान ने गेमर स्काउटओपी (ScoutOP) को साथी कंटेस्टेंट लव गिल के बारे में की गई टिप्पणियों को लेकर जमकर फटकार लगाई। सलमान ने स्काउटओपी पर लव की छवि खराब करने और पूरे विवाद का जिम्मेदार उन्हें ठहराने का आरोप लगाया। दूसरी तरफ, अपनी चर्चा से जुड़ा वीडियो देखने के बाद लव गिल फूट-फूटकर रोने लगीं। इस पूरे घटनाक्रम का प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

स्काउटओपी और गुल्लू की बातचीत ने बढ़ाया विवाद
दरअसल, विवाद की शुरुआत स्काउटओपी और गुल्लू उर्फ कुशल तंवर के बीच हुई देर रात की बातचीत से हुई। इस बातचीत में दोनों लव गिल के साथ स्काउटओपी के रिश्ते और उनके व्यवहार को लेकर चर्चा कर रहे थे। इस दौरान स्काउटओपी ने लव पर आरोप लगाया कि वह उन्हें अपनी तरफ आकर्षित करने और प्रभावित करने की कोशिश कर रही थीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने लव के साथ काफी समय बिताया और इस रिश्ते में भावनात्मक रूप से काफी उलझ गए थे। स्काउटओपी ने अपनी बातचीत में यह भी कहा कि लव की कुछ हरकतों से वह असहज और परेशान महसूस करने लगे थे। उन्होंने अपने सिर मुंडवाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय वह काफी तनाव और गुस्से में थे।
इस बातचीत में उन्होंने लव के व्यवहार को लेकर कई ऐसी टिप्पणियां कीं, जिन पर बाद में दर्शकों ने भी आपत्ति जताई। जब शो में यह वीडियो सभी कंटेस्टेंट को दिखाया गया तो मामला और गंभीर हो गया।
वीडियो देखकर रो पड़ीं लव गिल
स्काउटओपी और गुल्लू की बातचीत का वीडियो देखने के बाद लव गिल काफी भावुक हो गईं। वह अपनी भावनाओं पर नियंत्रण नहीं रख सकीं और रोते हुए बेडरूम के वॉशरूम की तरफ चली गईं।इसके बाद उन्होंने कनिका मान और अमरपाली दुबे के सामने अपना दर्द बयां किया। लव ने कहा, 'राखी बांधी थी मैंने इसे।' उनकी इस बात से साफ हुआ कि वह स्काउटओपी के साथ अपने रिश्ते को भाई-बहन के भरोसे के रूप में देखती थीं। ऐसे में उनके बारे में इस तरह की बातचीत सामने आने से उन्हें गहरा दुख पहुंचा। लव का भावुक होना शो के दर्शकों के बीच भी चर्चा का विषय बन गया। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनके समर्थन में प्रतिक्रियाएं दीं।
सलमान खान ने स्काउटओपी की लगाई क्लास
वीकेंड का वार के दौरान सलमान खान ने स्काउटओपी को उनके बयान और बातचीत को लेकर सीधे सवालों के घेरे में खड़ा किया। सलमान ने उनसे पूछा कि आखिर उन्होंने लव के बारे में इतनी बातें क्यों कहीं और हर चीज की जिम्मेदारी उन्हीं पर क्यों डाल दी। सलमान ने कहा कि स्काउटओपी ने लव को मुश्किल स्थिति में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्काउट ने अपनी छवि साफ रखने के लिए पूरे विवाद का दोष लव पर मढ़ने की कोशिश की। सलमान ने कहा, 'You have thrown Love under the bus', यानी आपने लव को मुसीबत में डाल दिया है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या स्काउटओपी खुद को सही साबित करने के लिए लव को गलत दिखाना चाहते थे। होस्ट ने स्पष्ट किया कि किसी के साथ बिताए गए समय या निजी समीकरणों के आधार पर उस व्यक्ति के चरित्र पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
'तुमने उसकी साख बर्बाद कर दी है'
शो के रविवार वाले वीकेंड का वार प्रोमो में सलमान खान का गुस्सा और बढ़ता दिखाई दिया। उन्होंने स्काउटओपी से कहा कि उन्होंने लव के बारे में जो कुछ भी कहा है, उससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।
सलमान ने कहा, 'You have destroyed Love's reputation.'
स्काउटओपी ने सलमान की बातों से असहमति जताई और अपनी सफाई देने की कोशिश की। इस पर सलमान और नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि क्या वह खुद गुल्लू और स्काउटओपी की निजी बातचीत में मौजूद थे? बातचीत दोनों के बीच हुई थी और उसकी जिम्मेदारी भी उन्हीं की थी। सलमान ने आगे कहा कि लव के कारण स्काउटओपी इतने उलझ गए हैं कि उन्होंने स्थिति को समझना ही बंद कर दिया है। उन्होंने यह भी नाराजगी जताई कि स्काउटओपी अपनी बातों को सही ठहराने में लगे हुए हैं और लव को गलत साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। होस्ट ने कहा कि पूरे सीजन में उन्होंने किसी से इतनी ऊंची आवाज में बात नहीं की, लेकिन इस मामले में चुप रहना उन्हें उचित नहीं लगा।
क्या लव गिल का बिग बॉस 20 का सफर होगा खत्म?
इस पूरे विवाद के बीच लव गिल के एविक्शन को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सोशल मीडिया पर कुछ बिग बॉस अपडेट अकाउंट्स ने दावा किया है कि लव को शो से बाहर कर दिया गया है। हालांकि, उनके एविक्शन की निर्माताओं की ओर से आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है। कुछ रिपोर्टों में स्काउटओपी के भविष्य को लेकर भी अटकलें लगाई गई हैं, लेकिन फिलहाल शो में उनकी स्थिति को लेकर कोई अंतिम आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लव और स्काउटओपी के बीच चल रहा विवाद अब बिग बॉस 20 के सबसे चर्चित घटनाक्रमों में शामिल हो गया है। सलमान खान की फटकार, लव का भावुक होना और स्काउटओपी की सफाई ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। अब दर्शकों की नजर रविवार के वीकेंड का वार एपिसोड पर है, जिसमें इस विवाद को लेकर आगे क्या होता है और सलमान खान स्काउटओपी को क्या समझाते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।
Tags: