Varun Dhawan : हिंदी सिनेमा का आसमान जब सितारों से जगमगाता है, तो कुछ सितारे अपनी चमक से सबको मंत्रमुग्ध कर देते हैं। ऐसे ही एक सितारे का नाम है वरुण धवन। वरुण ने कम समय में न सिर्फ अपनी एक्टिंग की अमिट छाप छोड़ी है, बल्कि लगातार 11 हिट फिल्में देने का ऐसा कारनामा किया है, जिसने उन्हें शाहरुख खान जैसे बादशाह के रिकॉर्ड के बराबर ला खड़ा किया है। टैलेंट, मेहनत और जज्बे के बल पर वे आज उस मुकाम पर हैं, जहां पहुंचने का सपना हर युवा कलाकार देखता है। आइए जानते हैं वरुण के जन्मदिन पर उनसे जुड़ी कुछ खास बातें...
अभिनय की दुनिया में खुद तलाशी अपनी राह
वरुण धवन Varun Dhawan का जन्म 24 अप्रैल 1987 को मुंबई के एक ऐसे घर में हुआ, जहां सिनेमा की चकाचौंध उनके घर का हिस्सा थी। उनके पिता का नाम डेविड धवन है। उन्होंने हिंदी सिनेमा को 'शोला और शबनम', 'हसीना मान जाएगी', 'बीवी नंबर 1', 'हीरो नंबर 1', 'पार्टनर' समेत कई हिट फिल्में दी हैं। हालांकि फिल्मी दुनिया में वरुण की राह इतनी आसान नहीं थी। पिता के नाम के बावजूद वरुण ने अपनी राह खुद बनाई। ऐसे शुरू हुआ उनका फिल्मी सफर नॉटिंघम ट्रेंट यूनिवर्सिटी से बिजनेस मैनेजमेंट में डिग्री हासिल करने के बाद वरुण ने सिनेमा की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर एक्टर नहीं, बल्कि बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर की।
साल 2010 में उन्होंने करण जौहर की फिल्म 'माई नेम इज खान' में असिस्टेंट डायरेक्टर की भूमिका निभाई। यह अनुभव उनके लिए सिनेमाई कला सीखने का पहला सबक था। हालांकि उनकी जिंदगी में असली जादू साल 2012 में हुआ, जब खुद करण जौहर ने उन्हें 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' में बतौर एक्टर लॉन्च किया। आलिया भट्ट और सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया, बल्कि वरुण को युवाओं के दिलों की धड़कन भी बना दिया। वरुण की कहानी का सबसे रोमांचक अध्याय उनके करियर का वह सुनहरा दौर है, जब उन्होंने 2012 से 2018 तक लगातार 11 हिट फिल्में दीं।
यह उपलब्धि इतनी बड़ी थी कि उनकी तुलना सुपरस्टार राजेश खन्ना से की जाने लगी। राजेश खन्ना ने लगातार 17 हिट फिल्में देने का रिकॉर्ड बनाया था। जिस अभिनेता के रिकॉर्ड की वरुण ने बराबरी की, वह शाहरुख खान थे, जिन्होंने भी 11 हिट फिल्में देने का रिकॉर्ड बनाया था।
कलंक' से रुका हिट फिल्में देने का सिलसिला
'मैं तेरा हीरो', 'हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया', 'बदलापुर', 'एबीसीडी 2', 'दिलवाले', 'ढिशूम', 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया', 'जुड़वा 2', 'अक्टूबर', और 'सुई धागा' जैसी फिल्मों ने वरुण की बहुमुखी प्रतिभा को दर्शकों के सामने पेश किया। 'बदलापुर' में उनकी गहरी एक्टिंग ने समीक्षकों को चौंकाया। वहीं, 'जुड़वा 2' में उनकी कॉमिक टाइमिंग ने दर्शकों को ठहाकों से लोटपोट किया। हालांकि, यह सिलसिला 'कलंक' के साथ थम गया। उनकी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर निराश किया।
पिता के साथ इन फिल्मों में किया काम
वरुण और उनके पिता डेविड धवन की जोड़ी ने सिनेमा को कुछ यादगार फिल्में दी हैं। 'मैं तेरा हीरो' (2014) और 'जुड़वा 2' (2017) इस जोड़ी की सबसे बड़ी हिट रहीं। इसके अलावा, 'कुली नं. 1' (2020) में भी दोनों ने साथ काम किया, हालांकि यह फिल्म ओटीटी पर रिलीज हुई और इसे मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली।
फिल्मी है लव स्टोरी
वरुण की जिंदगी की प्रेम कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं। उनकी पत्नी नताशा दलाल के साथ उनकी दोस्ती छठी कक्षा से शुरू हुई थी। स्कूल के दिनों में वरुण का दिल नताशा पर आया, लेकिन जब उन्होंने अपने प्यार का इजहार किया तो नताशा ने चार बार उनके प्रस्ताव को ठुकरा दिया। बाद में, वरुण का जुनून रंग लाया और पांचवीं बार में नताशा ने हामी भर दी। लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 24 जनवरी 2021 को वरुण और नताशा अलीबाग में एक निजी समारोह में शादी के बंधन में बंधे। इस शादी में शाहरुख खान, सलमान खान और करण जौहर जैसे सितारे शामिल हुए। वरुण की पत्नी नताशा पेशे से एक फैशन डिजाइनर हैं।
कारों का है शौक
वरुण धवन Varun Dhawan की मेहनत और प्रतिभा ने उन्हें न केवल शोहरत दी, बल्कि अपार संपत्ति भी दी। उनकी कुल संपत्ति लगभग 381 करोड़ रुपये के आस-पास आंकी गई है। वह एक फिल्म के लिए मोटी फीस वसूलते हैं। वरुण को लग्जरी कारों का भी शौक है। उनके कार कलेक्शन में मर्सिडीज बेंज 350डी, मर्सिडीज बेंज ई220डी, ऑडी क्यू7, शामिल हैं। इसके अलावा वह और नताशा मुंबई के जुहू में 44.52 करोड़ रुपये के 4 बीएचके अपार्टमेंट में रहते हैं।
इन फिल्मो में आएंगे नजर
वरुण धवन Varun Dhawan का सिनेमाई सफर लगातार जारी है। उनकी आगामी फिल्में दर्शकों का मनोरंजन करने को तैयार हैं। वह जल्द ही 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' में जाह्नवी कपूर के साथ नजर आने वाले हैं। यह एक रोमांटिक फिल्म है जो धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही है। इसके अलावा उनके पास 'नो एंट्री 2', 'भेड़िया 2' और 'है जवानी तो इश्क होना है' भी है।