मुंबई : साल 1992 में काजोल के साथ बेखुदी फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखने वाले एक्टर कमल सदाना अब एक्टिंग की दुनिया में ना के बराबर एक्टिव हैं। कमल ने हाल ही में सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में अपनी निजी लाइफ को लेकर कई बातें शेयर कीं। कमल मशहूर फिल्ममेकर ब्रिज सदाना और एक्ट्रेस सईदा खान के बेटे हैं।
कमल (53) ने कहा कि मेरे 21वें जन्मदिन की तैयारी चल रही थी। अचानक मुझे कमरे में आवाज सुनाई दी। गोलियों की आवाज का पीछा करते हुए जब मैं कमरे तक पहुंचा तो मेरे सामने ऐसा मंजर था जिसे देखकर मेरे पैरों तले जमीन खिसक गई थी। मेरे सामने मेरे पिता मां और बहन पर बंदूक ताने खड़े थे। बंदूक से निकली गोली ने मां और बहन दोनों को खत्म कर दिया। मैं अभी भी उसी घर में रहता हूं जहां पर मौत का ये खेल हुआ था। आपको आगे बढ़ना ही पड़ता है।
कमल पूर्व में भी मीडिया में यह खुलासा कर चुके हैं। बता दें कि कमल का भी तलाक हो चुका है। शादी के 21 साल बाद कमल साल 2021 में पत्नी लीजा जॉन से अलग हो गए। उनके बेटा अंगथ और बेटी लीया है। वर्कफ्रंट की बात करें तो कमल ने 'रंग', 'फौज', 'बाली उमर को सलाम', 'हम सब चोर हैं', 'रॉक डांसर' जैसी कई फिल्मों में काम किया। वे आखिरी बार साल 2023 में रिलीज फिल्म 'पिप्पा' में दिखे थे।