गणेश चतुर्थी पर लालबागचा राजा के दरबार पहुंचीं शिल्पा शेट्टी और शमिता शेट्टी
मुंबई: बॉलीवुड की बहनें शिल्पा शेट्टी कुंद्रा और शमिता शेट्टी ने गणेशोत्सव के दौरान मुंबई में 'लालबागचा राजा' के दर्शन किए और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की।दोनों बहनों ने मशहूर पंडाल में भगवान गणेश से आशीर्वाद मांगा और पूजा की।गणेश चतुर्थी के जश्न के बीच शिल्पा और शमिता बप्पा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करती नज़र आईं। शिल्पा, जो हर साल अपने परिवार के साथ गणेश चतुर्थी मनाती हैं, ने अपने घर पर गणपति विसर्जन के जश्न में भी हिस्सा लिया।
बप्पा को विदाई देने से पहले उन्हें अपने परिवार के साथ पूजा करते हुए देखा गया। पूर्व सांसद नवनीत राणा भी गणपति दर्शन के लिए शिल्पा के घर पहुंचीं। विसर्जन समारोह के लिए शिल्पा ने पारंपरिक महाराष्ट्रीयन लुक अपनाया। उन्होंने पीले और गुलाबी रंग की साड़ी के साथ उसी रंग का पीला ब्लाउज पहना और पारंपरिक गहनों व महाराष्ट्रीयन-स्टाइल बिंदी के साथ अपना लुक पूरा किया।
एक्ट्रेस गणपति जुलूस में भी शामिल हुईं और ढोल की थाप पर थिरकीं। भगवान गणेश को विदाई देते समय उन्हें अपने परिवार के साथ जश्न मनाते हुए देखा गया। गणेश चतुर्थी भगवान गणेश के जन्म का प्रतीक है और इसे पूरे देश में पूजा-अर्चना, मूर्ति स्थापना और सामूहिक आयोजनों के साथ मनाया जाता है। इस त्योहार का समापन गणेश विसर्जन के साथ होता है, जब भक्त मूर्ति को जल में विसर्जित करते हैं।