Samarthya Gupta: सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन का भव्य ऐतिहासिक शो चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान अब अपनी कहानी में एक महत्वपूर्ण मोड़ की ओर बढ़ रहा है। दर्शक जल्द ही अभिनेता समर्थ्य गुप्ता को बड़े हो चुके पृथ्वीराज चौहान के रूप में देखेंगे, जो इस वीर राजा की भूमिका निभा रहे हैं। उनके आने से शो में एक नए युग की शुरुआत होगी, जो भावनात्मक गहराई जोड़ेगा और इतिहास की एक अविस्मरणीय प्रेम कहानी - पृथ्वीराज और संयोगिता - को खूबसूरती से चित्रित करेगा।
अपनी भूमिका के बारे में बात करते हुए, समर्थ्य ने कहा, "जब मुझे भारत के सबसे बहादुर राजाओं में से एक, चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान की भूमिका निभाने का प्रस्ताव मिला, तो मेरा सीना गर्व से चौड़ा हो गया। वह एक सच्चे योद्धा थे जिन्होंने अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। यह भूमिका आसान नहीं है और मुझे शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से इसके लिए तैयार होना पड़ा। मेरे लिए एक ऐसा किरदार गढ़ना बहुत ज़रूरी था जो वास्तव में उनकी छवि पर खरा उतरे। मैं इस नए सफ़र को शुरू करने के लिए बेहद उत्साहित हूँ।"
इस हफ़्ते, दर्शकों को शो में एक रोमांचक मोड़ देखने को मिलेगा। वो मोड़ है - पृथ्वीराज चौहान और मोहम्मद गौरी का आमना-सामना। पृथ्वीराज चौहान और मोहम्मद गौरी की प्रतिद्वंद्विता इतिहास में जगजाहिर है, लेकिन क्या आप जानते हैं - युद्ध शुरू होने से पहले, ये दोनों एक बार आमने-सामने आ चुके थे, वो भी एक-दूसरे की पहचान जाने बिना? ये ऐतिहासिक मुलाक़ात किसी युद्ध के मैदान में नहीं, बल्कि एक ऊँची चट्टान के किनारे हुई थी। नियति ने इन दो महान शासकों को एक ऐसा पल दिया जिसने उनके रिश्ते की शुरुआत को एक नया मोड़ दे दिया। ये घटना न सिर्फ़ रोमांचक है, बल्कि इतिहास को देखने का नज़रिया भी बदल देती है। ये दो दुश्मनों की पहली मुलाक़ात है - चौंकाने वाली, रहस्यमयी और अविस्मरणीय।
Tags: