मुंबई: अजय देवगन की सुपरहिट सस्पेंस फ्रेंचाइजी ‘Drishyam’ का नाम आते ही विजय सलगांवकर और 2-3 अक्टूबर की कहानी याद आ जाती है। लेकिन इस पूरी कहानी की शुरुआत जिस किरदार की मौत से हुई, वह था समीर ‘सैम’ देशमुख। साल 2015 की फिल्म में सैम का किरदार अभिनेता ऋषभ चड्ढा ने निभाया था। 11 साल बाद भी फिल्म की कहानी में सैम की मौत का मामला फ्रेंचाइजी का केंद्र बना हुआ है।
फिल्म में सैम पूर्व आईजी मीरा देशमुख और महेश देशमुख का बेटा होता है। उसकी एक हरकत विजय सलगांवकर की बेटी अंजू और पूरे परिवार के लिए मुसीबत बन जाती है। घटनाक्रम के दौरान सैम की दुर्घटनावश मौत हो जाती है और इसके बाद विजय अपने परिवार को बचाने के लिए ऐसी कहानी तैयार करता है, जो पुलिस जांच को लगातार उलझाए रखती है।
पहले ‘Drishyam’, फिर ‘Drishyam 2’ और अब ‘Drishyam 3: The Conclusion’ तक सैम की मौत का मामला कहानी को आगे बढ़ाता रहा है। तीसरे भाग में भी पूर्व आईजी मीरा देशमुख अपने बेटे के मामले की सच्चाई सामने लाने की कोशिश करती दिखाई देती हैं, जबकि विजय सलगांवकर एक बार फिर परिवार को कानूनी शिकंजे से बचाने की कोशिश करता है।
कौन हैं ऋषभ चड्ढा?
ऋषभ चड्ढा को ‘Drishyam’ में सैम के किरदार से बड़ी पहचान मिली थी। हालांकि वह इससे पहले भी फिल्मों और टेलीविजन में काम कर चुके थे। साल 2014 में आई सोनम कपूर और फवाद खान स्टारर ‘Khoobsurat’ में भी वह दिखाई दिए थे। इसके बाद 2018 में उन्होंने हॉरर फिल्म ‘Lupt’ में काम किया।
टेलीविजन की दुनिया में ऋषभ ‘Best of Luck Nikki’, ‘The Suite Life of Karan & Kabir’ और ‘Aadat Se Majboor’ जैसे शो का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने वेब प्रोजेक्ट ‘Divorce Ke Liye Kuch Bhi Karega’ में भी मुख्य भूमिका निभाई।
अब एक्टिंग से दूर हैं ऋषभ
हाल के करीब दो वर्षों से ऋषभ ने कोई बड़ा एक्टिंग प्रोजेक्ट साइन नहीं किया है। उन्होंने फिलहाल अपना ध्यान स्टोरीटेलिंग और पोएट्री की ओर लगाया है। वह लाइव दर्शकों के बीच कहानियां और कविताएं सुनाते हैं और इसी माध्यम से लोगों से जुड़ रहे हैं।
उनका लाइव शो ‘Modern Majnu’ इसी दिशा में उनकी नई पहचान बन रहा है। इसमें वह रिश्तों, प्रेम, जिंदगी और व्यक्तिगत अनुभवों को कहानी और कविता के जरिए प्रस्तुत करते हैं। यानी पर्दे पर ‘सैम’ के रूप में पहचाने जाने वाले ऋषभ अब मंच पर एक कहानीकार के रूप में सक्रिय हैं।
दिलचस्प बात यह है कि ऋषभ का किरदार फिल्म के पहले भाग में ही खत्म हो गया था, लेकिन उसका असर पूरी फ्रेंचाइजी पर बना रहा। सैम की मौत के बिना ‘Drishyam’ की कहानी की कल्पना ही मुश्किल है। यही वजह है कि 11 साल बाद भी दर्शक यह जानने में दिलचस्पी रखते हैं कि पर्दे का ‘सैम’ अब कहां है।
‘Drishyam 3: The Conclusion’ की रिलीज के बाद ऋषभ चड्ढा एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। जहां फिल्म की कहानी सैम के मामले को अंतिम पड़ाव तक ले जा रही है, वहीं असल जिंदगी में ऋषभ फिल्मों से थोड़ा दूर होकर स्टोरीटेलिंग की दुनिया में नई राह बना रहे हैं।
Tags: