Mahavatar Narsimha : एनिमेटेड फिल्म 'महावतार नरसिम्हा' बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है। फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत हुई थी, लेकिन इसे वर्ड ऑफ माउथ का जबरदस्त फायदा मिला। अब 'महावतार नरसिम्हा' न केवल वीकेंड पर बल्कि वीकडेज़ पर भी करोड़ों का कलेक्शन कर रही है। 15 दिनों की शानदार कमाई के साथ, एनिमेटेड फिल्म ने अब आलिया भट्ट की ब्लॉकबस्टर फिल्म को पीछे छोड़ दिया है।
Saccanilk की रिपोर्ट के अनुसार, 'महावतार नरसिम्हा' ने पहले हफ़्ते में केवल 44.75 करोड़ रुपये कमाए।
दूसरे हफ़्ते में फिल्म की कमाई में ज़बरदस्त इज़ाफ़ा हुआ और इसने 73.4 करोड़ रुपये कमाए।
अब तीसरे शुक्रवार को भी फिल्म ने 8 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया है।
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 'महावतार नरसिम्हा' का कुल कलेक्शन अब 126.25 करोड़ रुपये हो गया है। आलिया भट्ट की ब्लॉकबस्टर फिल्म को पछाड़ा
'महावतार नरसिम्हा' ने 15 दिनों में अपनी कमाई से आलिया भट्ट की फिल्म 'राज़ी' के लाइफटाइम कलेक्शन को पछाड़ दिया है। साल 2018 में रिलीज़ हुई इस फिल्म ने भारत में कुल 123.74 करोड़ रुपये की कमाई की थी और एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी।
ओटीटी पर देरी से रिलीज़ होगी फिल्म!
बॉक्स ऑफिस पर 'महावतार नरसिम्हा' का जादू देखते हुए निर्माताओं ने इसे जल्द ओटीटी पर रिलीज़ न करने का फैसला किया है। फिल्म के प्रोडक्शन हाउस होम्बले फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर लिखा था - 'हम 'महावतार नरसिम्हा' को लेकर दर्शकों के उत्साह और ओटीटी की चर्चा के लिए आभारी हैं। लेकिन फिलहाल यह फिल्म दुनिया भर के सिनेमाघरों में ही चल रही है। अभी तक कोई ओटीटी डील फाइनल नहीं हुई है। कृपया केवल हमारे आधिकारिक हैंडल से आने वाले अपडेट पर ही भरोसा करें। आपका विश्वास सनातनी हुंकार को ताकत देता है।'
महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स की 6 फ़िल्में कतार में
15 करोड़ के बजट में बनी 'महावतार नरसिम्हा' महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स की पहली फ़िल्म है। आने वाले 12 सालों में इस फ्रैंचाइज़ी की 6 और फ़िल्में रिलीज़ होंगी, जिनकी घोषणा हो चुकी है। ये फ़िल्में हैं - महावतार परशुराम (2027), महावतार रघुनंदन (2029), महावतार द्वारकाधीश (2031), महावतार गोकुलानंद (2033), महावतार कल्कि भाग 1 (2035) और महावतार कल्कि भाग 2 (2037)।