Jugal Hansraj Happy Birthday: 10 साल की उम्र में शुरू किया था बॉलीवुड करियर, आज न्यूयॉर्क में रहते हैं जुगल हंसराज
Jugal Hansraj Happy Birthday: 90 के दशक के चॉकलेटी हीरो कहे जाने वाले जुगल हंसराज ने बॉलीवुड में अपनी खास पहचान बनाई। आज उनके 53वें जन्मदिन पर जानिए उनके बारे में खास बातें।
जुगल हंसराज का जन्म 26 जुलाई 1972 को मुंबई, महाराष्ट्र में हुआ था। उन्होंने महज 10 साल की उम्र में 1983 में आई फिल्म 'मासूम' से बतौर बाल कलाकार अपने करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में उनकी एक्टिंग को काफी सराहा गया था। इसके बाद वे 'कर्मा' और 'सल्तनत' जैसी फिल्मों में भी बाल कलाकार के रूप में नजर आए।
जुगल का करियर
1994 में जुगल ने बतौर मुख्य अभिनेता फिल्म 'आ गले लग जा' से डेब्यू किया, जिसमें उनके साथ उर्मिला मातोंडकर थीं। हालांकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। इसके बाद 'पापा कहते हैं' में उनका गाना 'घर से निकलते ही' सुपरहिट रहा, लेकिन फिल्म फ्लॉप रही। साल 2000 में, वह 'मोहब्बतें' में समीर शर्मा के किरदार से फिर से चर्चा में आए। इस फिल्म में उनकी नीली आँखों और मासूम चेहरे ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
उन्होंने फिल्मों से दूरी क्यों बनाई?
जुगल ने 'कभी खुशी कभी गम', 'सलाम नमस्ते' और 'आजा नचले' जैसी फिल्मों में छोटे-बड़े रोल निभाए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके करियर में एक दौर ऐसा भी आया जब उन्होंने 35-40 फिल्में साइन कीं, जिनमें से ज़्यादातर पूरी नहीं हो पाईं। कई फिल्में बीच में ही रुक गईं, तो कई शुरू ही नहीं हुईं। इससे निराश होकर जुगल ने एक्टिंग से दूरी बना ली। उन्होंने 2008 में एनिमेटेड फिल्म 'रोडसाइड रोमियो' और 2010 में 'प्यार इम्पॉसिबल' में बतौर लेखक और निर्देशक काम किया, लेकिन ये फिल्में भी ज़्यादा सफल नहीं रहीं। इसके बाद जुगल ने फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बना ली।
बिज़नेस की दुनिया में कदम
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुगल अब अमेरिका में बिज़नेस कर रहे हैं और करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस की क्रिएटिव टीम के साथ स्क्रिप्ट सिलेक्शन का काम भी देखते हैं। 2016 में उनकी किताब 'क्रॉस कनेक्शन' भी चर्चा में रही थी। हाल ही में, 2025 में, वह फिल्म 'नादानियाँ' में नज़र आए।
जुगल न्यूयॉर्क में रहते हैं
जुगल ने 2014 में न्यूयॉर्क की इन्वेस्टमेंट बैंकर जैस्मीन ढिल्लन से शादी की। यह शादी ऑकलैंड में बेहद निजी तरीके से हुई, जिसमें सिर्फ़ करीबी लोग ही शामिल हुए। इस जोड़े का एक बेटा है और वे न्यूयॉर्क में खुशहाल ज़िंदगी जी रहे हैं। जुगल सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं और अक्सर अपनी पत्नी और बेटे के साथ तस्वीरें शेयर करते रहते हैं।