Film industry shocked: मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता कन्नन पट्टाम्बी, जिन्होंने तीन दशकों से अधिक समय तक सिनेमा में अपना योगदान दिया, रविवार, 4 जनवरी की देर रात 11:41 बजे पालक्काड के न्यांगत्तिरी स्थित अपने घर में आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
कन्नन पट्टाम्बी के बड़े भाई और अभिनेता-डायरेक्टर मेज़र रवि ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की पुष्टि करते हुए कहा कि अंतिम संस्कार सोमवार को शाम 4 बजे उनके घर के परिसर में न्यांगत्तिरी, पट्टाम्बी में आयोजित किया जाएगा। मेजर रवि ने भावपूर्ण शब्दों में अपने छोटे भाई के काम और उनके योगदान को याद किया।कन्नन पट्टाम्बी अपने काम में हमेशा पेशेवर और विनम्र रहे। उन्होंने सिनेमा में प्रोडक्शन कंट्रोलर के तौर पर कई बड़े प्रोजेक्ट्स को सफलतापूर्वक पूरा करने में अहम भूमिका निभाई। साथ ही, एक अभिनेता के रूप में उन्होंने लगभग 23 मलयालम फिल्मों में अपनी पहचान बनाई। उनकी कुछ प्रमुख फिल्मों में पुलिमुरुगन, ओडियन, 12th मैन, पट्टाम्बी अनंतभद्रम, वेट्टम और कीर्तिचक्र शामिल हैं। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक पुलिमुरुगन थी, जिसे मलयालम सिनेमा में एक ब्लॉकबस्टर और लैंडमार्क फिल्म माना गया।
कन्नन पट्टाम्बी ने कई दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया और मोहनलाल के साथ भी स्क्रीन साझा की। भले ही उन्हें अक्सर लीड रोल में नहीं देखा गया, लेकिन उनकी परफॉर्मेंस की हर बार प्रशंसा हुई। उनकी फिल्मोग्राफी में पुनरधिवासम, क्रेज़ी गोपालन, कंधार, तंत्र, मिशन 90 डेज़, कुरुक्षेत्र और किलिचुंडन माम्बाझम जैसी फिल्मों को शामिल किया जा सकता है।
कन्नन पट्टाम्बी ने अपने करियर में प्रोडक्शन विभाग में भी काफी इज्जत कमाई। उन्होंने मेज़र रवि, शाजी कैलास, वी. के. प्रकाश, संतोष सिवन, के. जे. बोस और अनिल मेडायिल जैसे फिल्ममेकरों के साथ काम किया और हमेशा भरोसेमंद टीम मेंबर के रूप में जाने गए |
उनकी आखिरी फिल्म “रचेल” जल्द ही रिलीज होने वाली है। उनके निधन के बाद, फिल्म इंडस्ट्री के साथी कलाकार और तकनीशियन सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनकी याद में भावुक संदेश साझा कर रहे हैं।
Tags: