Entertainment मनोरंजन : बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इस समय चर्चा का विषय बने हुए हैं। हाल ही में अभिनेता 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के नए सीजन में बतौर गेस्ट पहुंचे थे, जहां उन्होंने कई खुलासे किए हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
अब भाईजान ने बताया है कि वो एक गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, जिस कारण उन्हें बहुत दर्द झेलना पड़ता है फिर भी वह अपने काम के प्रति समर्पित रहते हैं। आइए जानते हैं अभिनेता किस बीमारी से हैं पीड़ित। कपिल शर्मा शो के तीसरे सीजन की शुरुआत हुई है, जिसके पहले ही एपिसोड में सलमान खान मेहमान बनकर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर कई बातें बताई हैं। उन्होंने बताया कि वह ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया, ब्रेन एन्यूरिज्म और एवी मालफॉर्मेशन जैसी खतरनाक बीमारियों से जूझ रहे हैं।
अभनेता ने कहा, ‘हम ये जो रोजाना की हड्डियां तुड़वा रहे हैं, पसलियां टूट गई हैं, ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया के साथ काम कर रहे हैं, एन्यूरिज्म है ब्रेन में उसके इलाज का काम चल रहा है, एवी विकृति है, उसके इलाज चल रहे हैं। इसके बावजूद मैं काम कर रहा हूं।’ आगे बातचीत में अभिनेता ने बताया कि इन बीमारियों के बाद भी वो अपने काम को लेकर काफी सीरियस हैं। उन्होंने कहा कि अगर ये स्वास्थ्य समस्याएं उन्हें पहले हुई होती, तो सब कुछ फिर से शुरू कर लेते, लेकिन इस उम्र में होने से समस्याएं बढ़ गई हैं। उन्होंने बताया कि हर दिन दर्द होता है, फिर भी वो लड़ रहे हैं।