रामायण ट्रेलर विवाद पर चेतन हंसराज का रणबीर कपूर को समर्थन, बोले- बड़े पर्दे पर दिखेगा फिल्म का असली पैमाना
नई दिल्ली। नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही यह चर्चा में बनी हुई है। फिल्म की भव्यता, कलाकारों की कास्टिंग और विजुअल इफेक्ट्स (VFX) को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। जहां कुछ दर्शकों ने फिल्म के प्रयासों की सराहना की है, वहीं कुछ लोगों ने भगवान राम के किरदार में रणबीर कपूर की कास्टिंग और फिल्म के वीएफएक्स पर सवाल भी उठाए हैं। अब फिल्म में अहम भूमिका निभाने वाले अभिनेता चेतन हंसराज ने इन आलोचनाओं का जवाब देते हुए फिल्म और इसकी पूरी टीम का बचाव किया है।
चेतन हंसराज फिल्म में राक्षस 'माली' के किरदार में नजर आएंगे। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि ट्रेलर देखकर किसी भी फिल्म के वास्तविक स्तर का अंदाजा लगाना आसान नहीं होता। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि वे फिल्म को बड़े पर्दे पर देखें, जहां इसकी भव्यता और तकनीकी काम को सही तरीके से महसूस किया जा सकेगा।
फिल्म के ट्रेलर को लेकर हो रही वीएफएक्स आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए चेतन हंसराज ने कहा कि सोशल मीडिया पर बैठे कई लोग बिना पूरी जानकारी के फिल्म पर टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने आलोचकों को 'कीबोर्ड वीएफएक्स सुपरस्टार' तक कह दिया। उनका कहना था कि कुछ लोग अपनी कल्पनाओं की दुनिया में रहते हैं और फिल्म निर्माण की वास्तविक मेहनत को समझ नहीं पाते।
चेतन ने फिल्म की पूरी टीम की तारीफ करते हुए कहा कि 'रामायण' के सेट पर काम करने का अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान कलाकारों और तकनीकी टीम के बीच शानदार माहौल था। उन्होंने निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी और पूरी टीम की मेहनत की सराहना की।
अभिनेता ने खास तौर पर यश के व्यवहार की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में लगभग 47 साल बिताने के बाद भी 'रामायण' के सेट पर बिताए गए 20 दिन उनके करियर के सबसे यादगार दिनों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी समर्पण और जुनून दिखाया है।
रणबीर कपूर को भगवान राम के किरदार में लेने को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने सवाल उठाए थे। इस पर चेतन हंसराज ने रणबीर का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी कास्टिंग शानदार है। उन्होंने कहा कि रणबीर ने भगवान राम के किरदार के लिए अपने लुक और व्यक्तित्व पर काफी मेहनत की है। उनके अनुसार, रणबीर इस भूमिका में शानदार नजर आएंगे।
चेतन ने साई पल्लवी की भी तारीफ की, जो फिल्म में माता सीता की भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म की पूरी कास्ट को काफी सोच-विचार और रिसर्च के बाद चुना गया है। उन्होंने कहा कि निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा ने हर किरदार के लिए सही कलाकार चुनने में काफी मेहनत की है।
फिल्म 'रामायण' में रणबीर कपूर और साई पल्लवी के अलावा कई बड़े कलाकार नजर आएंगे। इसमें सनी देओल, रवि दुबे, अरुण गोविल, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह और विवेक ओबेरॉय जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में शामिल हैं। फिल्म का निर्माण बड़े स्तर पर किया जा रहा है और इसे दो भागों में रिलीज किया जाएगा।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' का पहला भाग दिवाली 2026 के मौके पर रिलीज होने की उम्मीद है। फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्सुकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज के बाद यह फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरती है।